जिले में इस बार 10 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य

7/8/2018 11:51:07 AM

फतेहाबाद(ब्यूरो): पेड़-पौधों का हमारे जीवन में बहुत बड़ा महत्व है। शिक्षा व पेड़-पौधों के बिना हमारा जीवन अधूरा है। प्रदेश सरकार द्वारा वनों को बढ़ावा देने के लिए अथक प्रयास किए जा रहे हैं, इसमें आम जनता का भी सहयोग अपेक्षित है। उक्त विचार उपायुक्त डा. हरदीप सिंह ने गांव भूथनकलां में स्थित सिंचाई विभाग के विश्रामगृह में पौधारोपण करने उपरान्त उपस्थित ग्रामीणों से कहे। उपायुक्त ने त्रिवेणी का पौधा लगाकर पर्यावरण बचाने का संदेश दिया। इस बार जिला में दस लाख से भी अधिक पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। बेटा व बेटी के जन्म पर भी पौधारोपण करे।  

डा. हरदीप सिंह ने कहा कि बहुउद्देश्यीय देशज प्रजातियों जैसे नीम, बड़, पीपल, पिलखन, आंवला, हरड़, बहेड़ा, तुन, शहतूत, लसौड़ा, शीशम, अनार, सफेदा, जामुन व बेरी आदी के पेड़ पौधेरोपण लगाने पर जोर दिया जा रहा है। वन विभाग द्वारा जिला की विभिन्न नर्सरियों में साढ़े 9 लाख से भी अधिक पौधे तैयार किए गए हैं और 6 लाख के लगभग महाराष्ट्र आदि प्रदेशों से पौधे मंगवाए गए हैं। 

विभाग के अधीक्षण अभियंता ओ.पी. बिश्नोई ने बताया कि चार एकड़ में एक हजार से भी अधिक पौधे लगाए गए हैं। इसके अलावा सभी नहरों व रजवाहों के साथ वाली भूमि पर भी पौधे लगाए जाएंगे। इस मौके पर एक्स.ई.एन. एस.के. जनेवा, डी.एफ.ओ. राजेश माथुर, सहायक सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी आत्मा राम कसाना, रेंज ऑफिसर कश्मीर सिंह, एस.डी.ओ. रणजीत सिंह, आर.के. चोपड़ा आदि रहे। 
 

Deepak Paul