खतरा राष्ट्र को नहीं बल्कि भाजपा को है : अभय चौटाला

5/8/2019 8:37:28 AM

कुरुक्षेत्र(धमीजा): इनैलो के वरिष्ठ नेता अभय चौटाला ने कहा कि खतरा राष्ट्र को नहीं बल्कि भाजपा को है। 23 मई को चुनाव परिणाम आने पर वोट की चोट से जनता भाजपा का सफाया करेगी। वह यहां पत्रकारों से रू-ब-रू हो रहे थे। अभय ने भाजपा नेताओं द्वारा प्रदेश की सभी 10 सीटें जीतने के दावे पर कहा कि यदि भाजपा को इतना ही विश्वास है तो भाजपा नेता भीषण गर्मी में चुनाव प्रचार करने में क्यों लगे हैं।

आज प्रदेश में भाजपा व कांग्रेस प्रत्याशियों का जनता विरोध कर रही है। कांग्रेस ने पहले देश को लूटा और अब वोट लूटने के लिए कांग्रेसी नेता हरियाणा में रोड शो कर रहे हैं लेकिन जनता इन दोनो दलों के बहकावे में आने वाली नहीं है। उन्होंने कहा कि केवल इनैलो ही ऐसी पार्टी है जिसका कहीं कोई विरोध नहीं हो रहा। उन्होंने कहा कि वह सभी 10 सीटें जीतने का दावा तो नहीं करते लेकिन हरियाणा में इनैलो सम्मानजनक सीटें जीतेगी।
 
चुनावों के नतीजे उन लोगों को चौंका देंगे जो कहते हैं कि इनैलो का अस्तित्व खत्म हो चुका है। प्रदेश की जनता जुमलेबाजों को वोट की चोट से सबक सिखाएगी। अभय चौटाला ने कहा कि इनैलो चौ. देवी लाल के पदचिन्हों पर चलते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ओम प्रकाश चौटाला की सोच को आगे बढ़ाएगी।

kamal