अस्थि कलश यात्रा में लोगों ने फूल बरसाकर अटल बिहारी वाजपेयी को दी श्रद्धांजलि

8/23/2018 2:25:53 PM

इंद्री(मैन पाल): पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की अस्थि कलश  यात्रा के इंद्री पहुंचने पर लोगों ने फूल बरसाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस यात्रा का नेतृत्व शिक्षा मंत्री रामविलास शर्मा कर रहे थे। यात्रा में राज्य मंत्री करण देव कंबोज सहित भाजपा के बड़े नेता मौजूद थे। इन नेताओं ने वाजपेयी जी को श्रद्धांजलि अर्पित करने वालों का उत्साहवर्धन किया।

अस्थि कलश यात्रा के इंद्री हल्के में प्रवेश करते ही बलडी से लेकर खानपुर गांव तक करनाल लाडवा रोड पर जगह-जगह कलश यात्रा पर पुष्प वर्षा कर लोगों ने अटल बिहारी जी अमर रहे के नारे लगाए। इंद्री में पहुंचने पर भाजपा के इंद्र हल्का प्रभारी विकास कम्बोज के नेतृत्व में श्रद्धांजलि दी गई।  

रामविलास शर्मा ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी भारत के ही नहीं बल्कि विश्व के महान व्यक्तित्व के धनी नेता थे। उनके प्रति श्रद्धा रखने वाले लोग अपने मन के भाव व्यक्त कर सकें इसी संदर्भ में हरियाणा प्रदेश में दो कलश यात्राएं निकाली गई हैं। एक कलश यात्रा का नेतृत्व भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बराला ने किया जिसका समापन दोपहर को पिहोवा में अस्थि विसर्जन के साथ हो गया।

दूसरी यात्रा हथिनी कुंड बैराज पर अटल बिहारी जी की अस्थियों के विसर्जन के बाद संपन्न हो जाएगी। उन्होंने बताया कि हथिनी कुंड बैराज में अटल बिहारी जी की अस्थियों के विसर्जन के समय हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर सहित सरकार के मंत्री भाजपा के नेता व समाज के अनेक प्रमुख लोग मौजूद रहेंगे।

Rakhi Yadav