बेटी को पहनाई जींद रियासत के महाराज की पगड़ी

1/8/2019 10:56:11 AM

जींद(संदीप): जींद रियासत के महाराजा रणबीर सिंह के समय से चलती आ रही परंपरा को उनके वंशजों ने निभाते हुए उनके पौत्र कुंवर जगबीर सिंह की मृत्यु उपरांत उनकी पर-पौत्री जिनियाबीर संधू को जींद रियासत के महाराज की राजशाही पगड़ी पहनाई गई। जींद को ऐतिहासिक नगरी के नाम से जाना जाता है और जींद रियासत पर पहले राजाओं की सल्तनत होती थी। रियासत के महाराजा गजपत सिंह की सन 1789 में मृत्यु हो गई थी। इसके बाद राजा भाग सिंह को गद्दी मिली तो उनकी भी 1819 में मृत्यु हो गई। उनकी मृत्यु उपरांत राजा फतेह सिंह 1822 में स्वर्ग सिधार गए तो उनकी रियासत राजा संगत सिंह ने संभाली तो राजा संगत सिंह भी 1834 में चल बसे। फिर राजा स्वरूप सिंह ने 1864 तक जींद रियासत पर राज किया और फिर वह भी स्वर्ग सिधार गए।

उनके बाद महाराजा रणबीर सिंह उनके उत्तराधिकारी के तौर पर जींद रियासत के महाराज बनाए गए। उनका वर्ष 1947 तक रियासत पर राज रहा, लेकिन 1947 में देश को स्वतंत्रता मिलने के बाद देश से राजशाही परंपरा समाप्त हो गई और 1948 में उनका भी निधन हो गया। इसके बाद उनके पुत्र कुंवर रामबीर सिंह का 1992 में निधन हो गया। कुंवर राजबीर सिंह का विवाह पंजाब निवासी इंद्रजीत कौर से संपन्न हुआ था, जिनसे उन्हें कुंवर जगबीर सिंह व कुंवर गजराज सिंह के रूप में 2 पुत्र प्राप्त हुए थे। कुंवर गजराज का निधन सवा साल पूर्व हो गया और अब विगत 27 दिसम्बर को कुंवर जगबीर सिंह भी अचानक बीमार होकर स्वर्ग सिधार गए। रविवार को शहर के समीपवर्ती गांव अमरहेड़ी स्थित पुश्तैनी राजा की कोठी में उनकी रस्म क्रिया कर उनकी बेटी जीनियाबीर संधू को पारम्परिक तरीके से जींद रियासत के राजघराने की राजशाही पगड़ी पहनाई गई। जींद रियासत के इतिहास में यह पहला उदाहरण है जब बेटी के सिर पर महाराजाओं की राजशाही पगड़ी रखी गई। अब इस राजघराने में रानी इंद्रजीत कौर, मंजू संधू, स्वर्गीय कुंवर गजराज संधू की पत्नी बच्चे, बहन व जिनियाबीर रह गए हैं। 
 

Deepak Paul