महिला से छेड़छाड़ मामला- पीड़िता ने विज को सुनाई आपबीती

5/24/2017 9:08:45 AM

अम्बाला शहर (बलविंद्र):इलाज के दौरान महिला से छेड़छाड़ करने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। पीड़ित पक्ष मामले को लेकर स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज से मिला। पीड़िता ने पुलिस की ओर से मामले में आरोपी डॉक्टर को गिरफ्तार न करने का आरोप लगाया। इस पर मंत्री विज ने मौके पर ही एस.पी. को फोन पर निर्देश दिए कि हरियाणा की पुलिस जी.एम.सी-32 में दाखिल आरोपी डाक्टर को वहां भी गिरफ्तार कर सकती है। आरोपी को वहीं गिरफ्तार किया जाए। उधर, सैक्टर-9 वैल्फेयर एसोसिएशन ने भी आरोपी डाक्टर अग्रिहोत्री की सदस्यता को रद्द कर दिया है। 

एसोसिएशन द्वारा आरोपी डाक्टर को एसोसिएशन में चीफ को-आॢडनेटर पद सौंपा गया था। उल्लेखनीय है कि गत सप्ताह बुधवार करीब साढ़े 6 बजे सैक्टर-8 निवासी सुखविंद्र सिंह की पत्नी आरोपी डाक्टर अग्रिहोत्री के सैक्टर-9 स्थित क्लीनिक पर उल्टी व डिप्रैशन में होने की वजह से इलाज के लिए गई थी। इस दौरान डॉक्टर ने महिला के साथ छेड़छाड़ की। जब महिला ने इस बारे परिजनों को बताया तो उनका गुस्सा डाक्टर पर फूटा जिसके बाद बुधवार की रात ही महिला ने डाक्टर के खिलाफ शिकायत सौंपी। पीड़िता की शिकायत के आधार पर ही महिला थाना पुलिस ने आरोपी डाक्टर के खिलाफ मामला दर्ज किया। हालांकि उस समय डाक्टर ने पीड़िता पर क्लीनिक में तोडफ़ोड़ व उनसे मारपीट का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई थी। आरोपी डाक्टर मारपीट के दौरान लगी चोट की वजह से उसी रात शहर सिविल अस्पताल में दाखिल हो गया था, इसके उपरांत उसे परिजनों द्वारा जी.एम.सी.-32 में दाखिल करवाया, जहां पर उसका इलाज चल रहा है। 

सैक्टरवासियों ने निकाला कैंडल मार्च
आरोपी डॉक्टर हेमंत अग्रिहोत्री की गिरफ्तारी को लेकर मंगलवार देर शाम सैक्टरवासियों ने कैंडल मार्च निकाला। सैक्टरवासियों का कहना है कि जब तक पुलिस आरोपी डाक्टर की गिरफ्तार नहीं करती, तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा। गिरफ्तारी न होने पर वे इससे भी बड़ा आंदोलन करेंगे।