बीच सड़क पर युवती की जमकर पिटाई का वीडियो हुआ वायरल, तमाशबीन बने रहे लोग (VIDEO)

8/11/2020 8:01:26 PM

फतेहाबाद (रमेश): सोशल मीडिया पर दो लड़कियों द्वारा एक लड़की की पिटाई करने का वीडियो खूब वायरल हो रहा है। यह वायरल वीडियो हरियाणा के फतेहाबाद शहर के बीघड़ रोड इलाके का होने का दावा किया जा रहा है, लेकिन फतेहाबाद की पुलिस ने इस तरह के किसी झगड़े के बारे में शिकायत मिलने की बात से इनकार किया है। 

वहीं दूसरी तरफ इस झगड़े का कोई विक्टिम भी अभी तक सामने नहीं आया है। लड़कियों के बीच हुए दंगल के इस वायरल वीडियो में बीच सड़क पर 2 लड़कियां एक लड़की की बुरी तरह पिटाई करते हुए दिखाई दे रही हैं। इसमें दो लड़कियां पिट रही लड़की से गोली मारने की धमकी देने की बात कहते हुए उससे जवाब मांगती हुई सुनाई दे रही हैं। 

झगड़े के दौरान एक लड़की डंडा लेकर लड़की को धमकाते हुए कह रही है कि हमें गोली मारने की धमकी देती है, अगर हिम्मत है तो अब गोली मार कर दिखा। वहीं वीडियो में दिखाई दे रहा है कि आसपास कुछ लोग भी मौजूद हैं, लेकिन कोई भी लड़की को बचाने या बीच बचाव करने की हिम्मत नहीं दिखा पाता।

फिलहाल इस वायरल वीडियो को लेकर सोशल मीडिया में किए जा रहे दावे की पड़ताल भी पुलिस की ओर से की जा रही है। हालांकि पुलिस ने मीडिया के सामने अभी तक कुछ भी बोलने से इंकार किया है।

Edited By

vinod kumar