बूंदाबांदी से मौसम हुआ सुहावना, उमस भरी गर्मी से लोगों को मिली राहत

8/6/2022 10:51:20 AM

कैथल:  शुक्रवार को हुई बूंदाबांदी ने आमजन को राहत प्रदान की है। सुबह से ही हो रही बूंदाबांदी से न केवल मौसम सुहावना बना रहा बल्कि इससे किसानों को भी काफी राहत मिली। बूंदाबांदी से जहां एक और तापमान में गिरावट आई तो वहीं शहरवासियों को कीचड़ से परेशानी का सामना भी करना पड़ा। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस रहा तो न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। किसानों के लिए यह बारिश बूंदाबांदी वरदान से कम नहीं थी। किसानों ने अब अपने खेतों का रूख करना शुरू कर दिया है। इसके अतिरिक्त बूंदाबांदी से शहर में की बिजली व्यवस्था चरमरा गई। 

बता दें कि सुबह से ही काली घटाएं छानी शुरू हुई तो लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद जगने लगी। इसके बाद सुबह 7 बजे हुई बूंदाबांदी ने लोगों के चेहरों पर मुस्कान ला दी। इस समय की बूंदाबांदी फसलों के लिए बेहद की लाभदायक साबित हो सकती है। कृषि विज्ञान केंद्र के मुख्य वैज्ञानिक डा. रमेश वर्मा ने बताया कि सोमवार तक बरसात की संभावना है। धान की फसलों के लिए बरसात लाभकारी है। बीते दिनों हुई बरसात से जिले के कुछ क्षेत्र में सब्जी व कपास की फसलों में नुकसान है।

Content Writer

Isha