चालान काटने पर भड़की महिला, बोली- छोड़ दो नहीं तो स्कूटी को आग लगा दूंगी(Video)

9/6/2018 3:10:40 PM

सोनीपत: बुधवार को गीता भवन चौक पर एक दिलचस्प मामला सामने आया है। यातायात नियमों का उल्लंघन कर रहे वाहन चालकों के खिलाफ  कार्रवाई के दौरान एक महिला ने पुलिस कर्मियों के साथ न केवल बहसबाजी की, बल्कि चालान भरने से साफ  इन्कार कर दिया। महिला ने कहा कि वह अपनी स्कूटी में आग लगा देगी लेकिन चालान नहीं भरेगी। मामला काफी देर तक आसपास के लोगों व राहगीरों के लिए मनोरंजन बना रहा।

इसी बीच महिला की मां भी मौके पर पहुंच गई। हालांकि महिला का बवाल कैमरे में कैद हो गया। आखिरकार लम्बी बहस के बाद महिला चालान भरने के लिए राजी हुई। 

घर पर चलो दिखाऊंगी कागजात  
चालान भरने से इन्कार करने वाली महिला ने पुलिस को कहा कि वह जल्दबाजी में घर से आई थी। यदि कागजात देखने हैं तो उसके घर पर चलो वह कागज दिखा देगी। हालांकि महिला पुलिस कर्मी ने कहा कि यहीं पर कागज मंगवा लो लेकिन महिला ने ऐसा करने से इन्कार कर दिया। 

यातायात थाना शहर प्रभारी रमेश चंद्र ने बताया कि महिला का चालान किया गया। महिला ने चालान भरने से इन्कार किया, इसके साथ ही उसने पुलिस कर्मियों के साथ भी बदतमीजी की है। हालांकि इस सम्बन्ध में उच्चाधिकारियों को भी अवगत करवा दिया गया है।

Deepak Paul