रेलवे स्टेशन पर महिला ने दिया बच्चे को जन्म, आर.पी.एफ. ने कराई डिलीवरी

6/28/2022 10:41:35 AM

सोनीपत: सोनीपत रेलवे स्टेशन पर सोमवार को आर.पी.एफ. थाने में महिला ने एक बच्चे को जन्म दिया है। रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा के लिए तैनात आर.पी.एफ. की महिला टीम ने आपस में मदद करते हुए महिला का प्रसव कराया। आर.पी.एफ. सोनीपत की निगरानी में महिला ने स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया। इसके बाद आर.पी.एफ. ने एम्बुलैंस की मदद से उसे उपचार के लिए सामान्य अस्पताल में भर्ती करा दिया है। जहां पर बच्चा व जच्चा दोनों सुरक्षित हैं।

दरअसल आर.पी.एफ. सोनीपत को सूचना मिली थी कि ट्रेन संख्या 12925 पश्चिम एक्सप्रैस के बी-3 कोच की सीट नम्बर 55 में एक महिला अपने 4-5 वर्षीय बच्चे के साथ सूरत से अमृतसर के लिए सफर कर रही है, जो गर्भवती है और महिला को प्रसव पीड़ा तेज हो रही है।

सूचना मिलते ही आर.पी.एफ. के ए.एस.आई. जसबीर सिंह, सुमन यादव, मनीसा, नवीन खरब व धीरज की टीम सतर्क हो गई और ट्रेन रुकते ही महिला से सम्पर्क किया। महिला को जैसे ही अस्पताल में भेजने के लिए सम्पर्क किया तो महिला ने आर.पी.एफ. थाने में आर.पी.एफ. महिला स्टॉफ की निगरानी में एक सुरक्षित बच्चे को जन्म दिया। बच्चे के जन्म होने के बाद पुलिस ने महिला से उसकी जानकारी मांगी तो महिला ने अपना नाम रेनु पत्नी मुकेश निवासी वापी गुजरात के रूप में दी। इसके बाद स्टाफ ने एम्बुलैंस के सहयोग से दोनों को सामान्य अस्पताल में भर्ती करा दिया।
  

Content Writer

Isha