घर जा रहे युवक की चाकुओं से गोदकर हत्या, शव मिला तो मचा हड़कंप

5/7/2017 3:35:06 PM

करनाल (कमल मिड्ढा):करनाल के गांव ब्रास में एक युवक की चाकुओं से गोदकर हत्या करने का मामला सामने आया है। मिली जानकारी के अनुसार करनाल के गांव ब्रास का रहने वाला 32 वर्षीय सतनाम सिंह बीती रात जागरण में मुनक गांव में गया था, जब वह वापिस लौट रहा था तो रास्ते में 6 युवकों ने उसके साथ मारपीट की। उसकी चाकू से हत्या कर शव को सड़क के पास रजबाहे में फेंककर हत्यारे फरार हो गए।

आज सुबह उसका शव देखकर आस-पास के लोगों में हड़कंप मच गया। जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस ने शव को रजबाहे से निकालकर कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए कल्पना चावला मैडिकल कॉलेज में भेज दिया।

वही, करनाल पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। मृतक के भाई ने बताया कि रात को जागरण में कई लडके गए थे, जिनके साथ सतनाम भी था। परन्तु वह घर वापिस नहीं आया। 3 लड़कों की पहचान कर पुलिस को नाम  दिया गया है।