Faridabad: ज्वैलरी शॉप पर ग्राहक बनकर पहुंचा व्यक्ति, फिर दुकानदार को उलझा शातिराना तरीके से की चोरी

punjabkesari.in Wednesday, May 06, 2026 - 02:09 PM (IST)

फरीदाबाद (अनिल राठी) : फरीदाबाद से चौंकाने वाली चोरी की घटना सामने आई है। ओल्ड फरीदाबाद बाजार में एक ज्वैलरी शॉप पर बेहद शातिर तरीके से चोरी को अंजाम दिया गया, जिसकी पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

मामला ओल्ड फरीदाबाद बाजार का है, जहां योगेश ज्वेलर्स नाम की दुकान पर दो दिन पहले शाम करीब साढ़े आठ बजे एक व्यक्ति ग्राहक बनकर पहुंचा। उसने पहले दुकानदार से सोने का ‘ओम’ दिखाने को कहा। दुकानदार ने जैसे ही उसे सोने का ओम दिखाया, आरोपी ने बहाने से चांदी की पायल दिखाने की मांग कर दी। इसी दौरान दुकानदार सोने का ओम दराज में रखकर पायल निकालने के लिए खड़ा हुआ।

मौका पाते ही आरोपी ने चुपचाप दराज खोली और सोने का ‘ओम’ निकालकर फरार हो गया। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है, जिसकी फुटेज अब सामने आई है। सोने के ओम की क़ीमत करीब 10 हज़ार बताई जा रही है। वहीं दुकान मालिक योगेश सिंघल ने बताया कि आरोपी बड़ी चालाकी से वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गया। उन्होंने इस मामले की शिकायत पुलिस में दर्ज करा दी है।

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)        

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Manisha rana

Related News

static