फिर शुरू हुई जल पर सियासी जंग, लगातार 3 दिन तक हरियाणा सरकार को घेरेगा विपक्ष

9/30/2017 11:59:59 AM

हिसार (संजय अरोड़ा):हरियाणा सरकार द्वारा दादूपुर-नलवी नहर परियोजना को रद्द किए जाने के फैसले के बाद हरियाणा के विपक्षी दलों ने सरकार के खिलाफ न केवल आक्रामक तेवर अपना लिए हैं बल्कि सरकार को घेरने के लिए किसानों से जुड़े इस मुद्दे पर आंदोलन की रणनीति भी तैयार कर ली है। प्रदेश के मुख्य विपक्षी दल इनैलो के नेता एवं नेता प्रतिपक्ष अभय सिंह चौटाला ने 25 सितम्बर को भिवानी में आयोजित सम्मान दिवस रैली के मंच से ही इस परियोजना को रद्द किए जाने के फैसले पर सरकार को घेरते हुए भाजपा को किसान विरोधी की संज्ञा दी थी और इस मुद्दे पर आंदोलन करने का भी ऐलान कर डाला। अब इस मुद्दे पर इनैलो द्वारा 3 अक्तूबर को शाहाबाद में प्रदर्शन किया जाएगा और 4 अक्तूबर को पार्टी द्वारा यमुनानगर में इनैलो प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में आंदोलन की रूपरेखा तय की जाएगी। वहीं दूसरे विपक्षी दल कांग्रेस ने भी किसान हितों की दुहाई देते हुए इसी मुद्दे पर आक्रामक तेवर अपना लिए हैं। इसी मुद्दे पर किसान यूनियन पहले से ही आंदोलनरत है।

मुद्दा एक कांग्रेसियों के रंग अनेक
दादूपुर-नलवी नहर मुद्दे पर यूं तो पूरी कांग्रेस ने ही सरकार को घेरने की रणनीति तैयार कर ली है और पार्टी के तमाम नेता भी इस मुद्दे पर प्रदेश की खट्टर सरकार की आलोचना करते हुए इसे जनता के बीच ले जाने की बात कह रहे हैं, मगर खास बात ये है कि पार्टी के बड़े नेता इस अहम मुद्दे पर बंटे हुए नजर आ रहे हैं। कांग्रेस के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी रणदीप सिंह सुर्जेवाला जहां इस मुद्दे पर दादूपुर नलवी न्याययुद्ध के नाम से सरकार के खिलाफ आंदोलन का शंखनाद करते हुए 1 अक्तूबर को यमुनानगर में धरना देने जा रहे हैं तो वहीं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा 2 अक्तूबर को जगाधरी में धरना देंगे। इसके साथ ही कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष अशोक तंवर कहते हैं कि वे भी शीघ्र ही अपने साथियों से मंत्रणा के बाद किसानों के हित में आवाज बुलंद करते हुए आंदोलन शुरू करेंगे। सुर्जेवाला के मीडिया प्रभारी भूपेंद्र सिंह भुप्पी के अनुसार हरियाणा किसान खेत मजदूर कांग्रेस व हरियाणा कृषक समाज के बैनर तले कांग्रेस कार्यकत्र्ता सुर्जेवाला के नेतृत्व में यमुनानगर के लघु सचिवालय परिसर में धरना देंगे। वहीं कांग्रेस प्रवक्ता रणसिंह मान के अनुसार पूर्व मुख्यमंत्री हुड्डा 2 अक्तूबर को जगाधरी की नई अनाज मंडी में किसानों के साथ धरने पर बैठेंगे।

यह है दादूपुर-नलवी नहर
हरियाणा के 3 जिलों अम्बाला, यमुनानगर व कुरुक्षेत्र के 225 गांवों में कम होते जा रहे भू-जलस्तर के मद्देनजर पहली बार 1986 में जब चौ. बंसीलाल प्रदेश के मुख्यमंत्री थे तब उनके समक्ष तत्कालीन सरकार के मंत्री निर्मल सिंह ने इस नहर का प्रस्ताव प्रस्तुत किया था जिसे सरकार द्वारा मंजूर किया गया और 1987 में सत्ता परिवर्तन के साथ जब चौ. देवीलाल मुख्यमंत्री बने, तब उन्होंने इस नहर के निर्माण में काफी तेजी लाने के प्रयास किए। 1990 में इस नहर का शिलान्यास तत्कालीन मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला द्वारा किया गया। इसके बाद इस दिशा में निर्माण कार्य ने गति पकड़ी और 2004 में इनैलो सरकार दौरान इस नहर के निर्माण हेतु दादूपुर (यमुनानगर) से शाहबाद (कुरुक्षेत्र) तक लगभग 860 एकड़ भूमि अधिगृहित की गई।

किसानों को अधिगृहित भूमि के बदले मुआवजा देने व नहर निर्माण की प्रक्रिया शुरू हुई। 2005 में भूपेंद्र हुड्डा के मुख्यमंत्री बनने के बाद कांग्रेस सरकार में भी नहर निर्माण का कार्य यथावत जारी रहा। यमुनानगर, अम्बाला व कुरुक्षेत्र के 225 गांवों से होकर गुजरने वाली लगभग 50 किलोमीटर लंबी इस नहर के लिए 4125 करोड़ के बजट का प्रावधान किया गया, जिससे लगभग एक लाख हैक्टेयर कृषि भूमि सिंचित होनी थी। हुड्डा सरकार के दौरान नहर का न केवल निर्माण हुआ बल्कि इसमें पानी भी छोड़ा गया जिससे भू-जलस्तर में कुछ सुधार भी हुआ। मगर इस नहर की शाखाओं का निर्माण किया जाना अभी बाकी था कि इस दौरान वर्तमान सरकार द्वारा इस परियोजना को ही रद्द करते हुए डी-नोटिफाइड कर दिया गया। अधिगृहीत भूमि के मालिक किसानों को उनकी जमीन लौटाने की एवज में दिए गए मुआवजे के साथ 15 प्रतिशत ब्याज सरकार को देने का फैसला सुना दिया गया।

कांग्रेस करेगी बड़ी रणनीति का ऐलान:तंवर
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अशोक तंवर ने बताया कि कांग्रेस पार्टी किसानों के हितों की अनदेखी सहन नहीं करेगी। शीघ्र ही जनभावनाओं के अनुरूप सभी साथियों से मंत्रणा के बाद रणनीति का ऐलान किया जाएगा। तंवर ने कहा कि भाजपा सरकार का किसान विरोधी चेहरा इस बात से साबित होता है कि एस.वाई.एल. का पानी तो हरियाणा में ला नहीं सकी और अब पहले से स्वीकृत परियोजना को रद्द कर दिया गया। उन्होंने कहा कि किसान हितैषी होने का दंभ भरने वाली इस भाजपा सरकार के दोगले चेहरे को कांग्रेस हर सूरत में बेनकाब करेगी। उन्होंने कहा कि 1 व 2 अक्तूबर को जो धरने दिए जा रहे हैं वे कांग्रेस पार्टी के नेता ही दे रहे हैं।