अमरीका में तरनजीत सिंह संधू को दिल्ली का उप राज्यपाल बनाने पर अमरीका के अप्रवासी भारतीयों में खुशी की लहर
punjabkesari.in Friday, Mar 06, 2026 - 06:52 PM (IST)
कुरुक्षेत्र (विनोद खुंगर) : अमरीका में पूर्व भारतीय राजदूत तरनजीत सिंह संधू को दिल्ली का उप राज्यपाल बनाए जाने पर अमरीका के अप्रवासी भारतीयों में भी खुशी की लहर है। कुरुक्षेत्र की धरती से अमरीका के विभिन्न राज्यों में वर्षों से व्यवसाय का संचालन कर रहे जेएमडी ग्रुप ऑफ़ कम्पनीज के प्रमुख नरेंद्र जोशी एवं जसबीर सैनी बॉस्टन जोकि आजकल भारत प्रवास पर हैं। उन्होंने तरनजीत सिंह संधू को दिल्ली का उप राज्यपाल बनाए जाने शुभकामनाएं दी हैं।
जोशी तथा सैनी ने कहा कि वे शीघ्र ही तरनजीत सिंह संधू को व्यक्तिगत तौर पर मिलकर शुभकामनाएं देंगे। उन्होंने बताया कि वे अमरीका में भी तरनजीत सिंह संधू के भारतीय राजदूत रहते हुए अनेक कार्यक्रमों में उनसे मिल चुके हैं। तरनजीत सिंह संधू बहुत ही मिलनसार एवं प्रतिभाशाली व्यक्ति हैं।
जोशी ने कहा कि तरनजीत सिंह संधू अमरीका में भारत के सबसे अनुभवी राजनयिकों में से एक रहे हैं, जिन्होंने वाशिंगटन डीसी स्थित भारतीय दूतावास में कई बार अपनी सेवाएं दी हैं। 1997-2000 के दौरान, वे भारतीय दूतावास में प्रथम सचिव (राजनीतिक) थे, जहां वे अमेरिकी कांग्रेस के साथ संपर्क स्थापित करने के लिए जिम्मेदार थे। फिर, 2013-2017 के दौरान, उन्हें भारतीय दूतावास में उप मिशन प्रमुख बनाया गया।
उन्होंने फरवरी 2020 में अमेरिका में भारत के राजदूत के रूप में कार्यभार संभाला और 1 फरवरी, 2024 को अपनी सेवानिवृत्ति तक उस पद पर बने रहे। सेवानिवृत्ति के बाद, वे 2024 के लोकसभा चुनावों से पहले भाजपा में शामिल हो गए। वाशिंगटन में अपनी नियुक्ति से पहले, वे 2017 से 2020 तक श्रीलंका में भारतीय उच्चायुक्त थे।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)