प्रदेश में भाजपा सरकार के खिलाफ चल रही है जन आक्रोश की लहर: दुष्यंत चौटाला(Video)

7/14/2018 3:04:46 PM

सिवानी मंडी(गुलशन पोपली):  हरियाणा से इनेलो सांसद दुष्यंत चौटाला ने कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार के खिलाफ जन आक्रोश की लहर चल रही है। जो आगामी चुनावों में इस सरकार को उखाड़ फेंकेगी। सांसद ने कहा कि आज पूरे देश में  माहौल क्षेत्रीय दलों के पक्ष में है तथा हरियाणा प्रदेश में अगली सरकार इनेलो बसपा की ही होगी। दुष्यंत चौटाला आज लोहारू हलके के कुड़ल, सिंघानी सहित गावों में विभिन्न कार्यक्रमों में शिरकत करने के दौरान पत्रकारों के सवालों के जवाब दे रहे थे। विधायक ओमप्रकाश गोरा, युवा इनेलो नेता वजीर मान, सुरेन्द्र राठी सहित अनेक पदाधिकारी व कार्यकर्ता सांसद के साथ थे।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी जिलों में जेल भरो आंदोलन के माध्यम से एक इतिहास रचा गया। जन आक्रोश से बड़े-बड़े परिवर्तन होते हैं। फसलों के समर्थन मूल्य पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि किसानों की आय दोगुनी तब होती जब सरकार किसान के परिवार के श्रम को उसमें जोडकऱ फसलों का दाम तय करती। 

पानी के समान बंटवारे की बात पर सांसद ने कहा कि लोहारू हलके में ऊंट पर सवार होकर मुख्यमंत्री ने किसानों को उनके हिस्से का पानी दिलाने की बात कही थी जबकि आज भी कई गांव पानी से वंचित हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश के हिस्से का 800 क्यूसिक पानी निरंतर दिल्ली को दिया जा रहा है। उन्होंने भाजपा सरकार पर हर क्षेत्र में नाकाम रहने का आरोप लगाया।


 

Rakhi Yadav