ऐलनाबाद उपचुनाव में होगा तिकोना मुकाबला, बेनीवाल-चौटाला में रहा है छत्तीस का आंकड़ा

10/7/2021 11:32:26 PM

चंडीगढ़ (धरणी): भारतीय जनता पार्टी व जननायक जनता पार्टी गठबंधन ने ऐलनाबाद उपचुनाव के लिए हलोपा छोड़कर भाजपा में आए गोविंद कांडा को चुनाव मैदान में उतार दिया है। वहीं कांग्रेस ने पिछले चुनाव में भाजपा प्रत्याशी रहे पवन बेनीवाल को चुनाव मैदान में उतारकर मुकाबले को दिलचस्प बना दिया है। ऐलनाबाद में अब तिकोणा मुकाबला होगा। इनेलो पहले ही यहां से अभय चौटाला को प्रत्याशी घोषित कर चुकी है। भाजपा-जेजेपी गठबंधन ने पिछले साल बरोदा हलके के उपचुनाव की तरह अब ऐलनाबाद में भी गैर-जाट कार्ड खेला है। बरोदा की तरह ही, ऐलनाबाद हलका भी जाट बाहुल्य है। इनेलो व कांग्रेस प्रत्याशी जाट हैं। ऐसे में भाजपा ने गोविंद कांडा के रूप में गैर-जाट चेहरा मैदान में उतारा है।



ऐलनाबाद सीट इनेलो विधायक अभय चौटाला द्वारा कृषि कानूनों के विरोध में इस्तीफा दिए जाने के बाद खाली हुई है। गोपाल कांडा के भाई गोविंद कांडा ने तीन दिन पहले भाजपा का दामन थामा था। ऐलनाबाद में चुनाव लडऩे के लिए भाजपा के पास कुल 17 आवेदन आए थे, लेकिन इनमें गोविंद कांडा का नाम नहीं था। लोकसभा चुनाव की तरह ही अचानक हुए घटनाक्रम में गुरुवार की सुबह भाजपा ने गोविंद कांडा को ऐलनाबाद से पार्टी प्रत्याशी घोषित कर दिया। इसके साथ ही गोविंद कांडा ने भाजपा अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़, जजपा अध्यक्ष निशान सिंह, भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला, हरियाणा के खेल मंत्री संदीप सिंह, सांसद सुनीता दुग्गल की मौजूदगी में अपना नामांकन भी दाखिल कर दिया। 

इस बीच कांग्रेस ने भाजपा छोड़कर आए पवन बेनीवाल को यहां से प्रत्याशी घोषित कर दिया है। कांग्रेस प्रत्याशी पवन बेनीवाल और अभय सिंह चौटाला में छत्तीस का आंकड़ा रहा है। 2019 के विधानसभा चुनावों में भाजपा ने जब ऐलनाबाद हलके से अभय के मुकाबले पवन को चुनावी रण में उतारा था तो उस समय भी अभय ने बेनीवाल पर गंभीर आरोप जड़े थे। अभय चौटाला, पवन बेनीवाल के खिलाफ विधानसभा में भी कई बार आवाज उठा चुके हैं और उन पर केस दर्ज करने की मांग भी करते रहे हैं। पवन बैनीवाल आमचुनाव में दूसरे नंबर पर रहे थे।

Content Writer

Shivam