स्वास्थ्य ठेका कर्मचारियों को नौकरी से निकालने का प्रयास किया तो होगा जोरदार आंदोलन : लांबा

7/15/2020 7:07:11 PM

फरीदाबाद (सूरजमल): सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के प्रदेशाध्यक्ष सुभाष लांबा ने कहा है कि अगर कोरोना योद्वा कहे जाने वाले 11 हजार स्वास्थ्य ठेका कर्मचारियों को नौकरी से निकालने का प्रयास किया तो सभी विभागों के कर्मचारी तीखा आंदोलन करेंगे। उन्होंने यह चेतावनी बुधवार को बीके अस्पताल में लंच टाइम में आयोजित ठेका कर्मचारियों की आम सभा को संबोधित करते हुए दी। 

स्वास्थ्य ठेका कर्मचारी यूनियन के जिला प्रधान सोनू सोया की अध्यक्षता में आयोजित इस सभा में सैकड़ों की संख्या में सिक्योरिटी गार्ड, सफाई कर्मचारी, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी, वार्ड सर्वेंट, प्लंबर, इलेक्ट्रिशियन, लिफ्ट मैन, कंप्यूटर आपरेटर, धोबी, माली आदि ने भाग लिया।

आम सभा को संबोधित करते हुए प्रदेशाध्यक्ष लांबा ने ठेकेदारों को बीच से हटकर ठेका कर्मचारियों को सीधा विभाग के पे-रोल पर लेने, समान काम के लिए समान वेतन देने और सेवा सुरक्षा प्रदान करने और सभी ठेका कर्मियों को 50 लाख रुपए एक्स ग्रेसिया बीमा योजना में शामिल करने आदि मांगों को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि सरकार के निर्देश पर विभाग वर्षों से कार्यरत 11 ठेका कर्मचारियों को 30 सितंबर को नौकरी से हटाने का फैसला कर चुका है। जो अनुचित एवं निंदनीय है। 

उन्होंने कहा कि एक तरफ इन फ्रंटलाइन योद्धाओं की हौसला अफजाई के लिए थालियां व तालियां बजाकर और बत्ती बंद कर दीये चलाने तथा हैलीकॉप्टर से फूलों की बरसात करने का ढोंग किया जा रहा है और दूसरी तरफ इन योद्धाओं को नौकरी से निकालने का षड्यंत्र रचा जा रहा है। उन्होंने दो टूक कहा कि अगर इन ठेका कर्मचारियों को नौकरी से निकाला गया तो सरकार को कर्मचारियों के तीखे विरोध का सामना करना पड़ेगा। आम सभा में सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के जिला सचिव बलबीर सिंह बालगुहेर,खंड प्रधान करतार सिंह,सकसं के नेता विजय चावला,रधुबीर चौटाला,नगर निगम सफाई कर्मचारी यूनियन के नेता श्रीनंद ढकोलियां, दर्शन सोया आदि उपस्थित थे।

आम सभा में सर्व सम्मति से नई जिला कमेटी का हुआ चुनाव
सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के प्रधान सुभाष लांबा व जिला सचिव बलबीर सिंह बालगुहेर की देखरेख में सर्व स मति से स्वास्थ्य ठेका कर्मचारी यूनियन हरियाणा का चुनाव संपन्न हुआ। जिसमें सोनू सोया को जिला प्रधान व किरण सिंह को जिला सचिव चुना गया। इसके अलावा शिश पाल को उप प्रधान, रविन्द्र को कोषाध्यक्ष, नीरज व मोनू को संगठन सचिव,साजिद अहमद व सन्नी को सह सचिव और कर्ण, राजेश व रविन्द्र को जिला कमेटी का सदस्य चुना गया। चुने हुए पदाधिकारियों को प्रदेशाध्यक्ष सुभाष लांबा ने पद एवं जि मेदारी की शपथ दिलाई।

Shivam