अगर कांग्रेस या इनेलो की सरकार होती तो अब तक कई बार गोली चल चुकी होती: विज

10/28/2021 12:43:24 PM

चंडीगढ़  (चन्द्र शेखर धरणी): ऐलनाबाद उप चुनावों में प्रचार के साथ ही चुनावी शोर गुल भी थम गया है। ऐसे में अब सभी राजनितिक दल अपनी अपनी जीत का दावा ठोकते दिखाई पड़ रह हैं। इसी कड़ी में  हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने भी ऐलनाबाद उपचुनावों को लेकर भाजपा का कमल खिलने का दावा किया है। इतना ही नहीं अनिल विज ने उपचुनावों को लेकर इनेलो दावेदार अभय चौटाला को भी निशाने पर लिया है। अनिल विज ने दावा किया है कि ऐलनाबाद में शर्तिया तौर पर भाजपा चुनाव जीतेगी और वहां जो अन्य पार्टियां खुद को किसान हितैषी बता रही हैं।

उन्होंने अपने अपने समय में किसानों पर गोलियां तक चलवाई हैं। जबकि भाजपा 11 महीने से किसानों के आंदोलन के साथ संयम से निपट रही है और अगर कांग्रेस या इनेलो की सरकार होती तो अब तक कई बार गोली चल चुकी होती। विज ने कहा कि किसानों के लिए जितना हरियाणा सरकार और पीएम मोदी ने किया है उतना किसी ने नहीं किया। विज की मानें तो कुछ नकली नेता किसान के भेष में शोर मचा रहे हैं लेकिन जनता सब समझ चुकी है। 

प्रजातंत्र का मजाक मत बनाएं चौटाला
अभय चौटाला ने हाल ही अपने एक बयान में दावा किया है कि अगर किसान चाहेंगे तो वो शपथ नहीं लेंगे। इस बात को लेकर भी विज ने अभय चौटाला को निशाने पर लिया। अनिल विज ने कहा कि यह कोई गिल्ली डंडे का खेल नहीं कि जब चाहे इस्तीफ़ा देदो जब चाहे चुनाव लड़ लो , यह प्रजातंत्र का मजाक है। विज ने अभय चौटाला को नसीहत देते हुए कहा कि प्रजातंत्र का मजाक मत बनाएं। 

सिंघु बॉर्डर पर किसानों का कब्जा,सरकार कर रही रास्ते खुलवाने के लिए बात
आंदोलन में किसान निरंतर सरकार पर साजिशें रचने के आरोप लगा रहे हैं। ऐसे में किसानो के आरोपों का जवाब देते हुए अनिल विज ने कहा कि सरकार किसी प्रकार की कोई साजिश नहीं रच रही। विज ने कहा कि सिंघु बॉर्डर पर पूरी तरह किसानों का कब्जा है और सरकार किसानों के साथ बातचीत जरूर कर रही है ताकि लोगों के आने जाने का रास्ता खुल सके।

Content Writer

Isha