हरियाणा के इन 2 जिलों में छूट के बाद भी नहीं खुलेंगे धार्मिक स्थान, जानिए वजह

6/6/2020 6:22:50 PM

चंडीगढ़(धरणी): हरियाणा में लॉकडाउन के बाद अब अनलॉक-1 में दुकानों और बाजारों को खोलने के बाद धार्मिक स्थलों, मंदिरों और शॉपिंग मॉल्स को खोलने की छूट दे दी है। अब प्रदेश में आठ जून से मंदिर, शॉपिंग मॉल्स और धार्मिक स्थल भी खुलेंगे। वहीं प्रदेश के गुरुग्राम और फरीदाबाद में फिलहाल धार्मिक स्थल, मॉल्स बंद रहेंगे। इसकी जानकारी डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने दी।

हरियाणा में धार्मिक स्थलों और शॉपिंग मॉल्स को खोलने को लेकर आज चंडीगढ़ में मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में बैठक हुई थी। इस दौरान सीएम के अलावा उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला, गृहमंत्री अनिल विज व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक के बाद डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने जानकारी देते हुए बताया कि गुरुग्राम और फरीदाबाद में फिलहाल धार्मिक स्थल और शॉपिंग मॉल्स नहीं खोले जा रहे हैं, इसके अलावा पूरे प्रदेश में धार्मिक स्थल और मॉल्स खुल जाएंगे। ये नियम आठ जून से लागू होंगे। डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने बताया कि बैठक में तीन मुद्दों पर चर्चा हुई है। जिसमें फरीदाबाद और गुरुग्राम को छोड़कर सभी जगहों पर छूट देने का फैसला लिया है।मंदिर, मस्जिद और चर्च में सोशल डिस्टनेंसिंग का ध्यान रखना होगा। वहीं जागरण, नमाज और संडे को चर्चा में एकत्रित होने की फिलहाल रोक रहेगी।

Isha