चोर ने बंद पड़े मकान में लगाई सेंध, लाखों के गहने और 25 हजार रुपए पर किया हाथ साफ

2/5/2023 1:15:30 PM

अंबाला : आए दिन चोरों के हौंसले बुलंद होते जा रहे है जहां चोर बंद पड़े मकानों में सेंध लगा गहने और लाखों रुपए की नकदी पर हाथ साफ कर रहे हैं। चोर अंबाला कैंट के बब्याल में बंद पड़े मकान से 25 हजार रुपए कैश और लाखों रुपए के गहने ले उड़ा।परिवार अपनी रिश्तेदारी में गया हुआ था। वापस लौटा तो घर के दरवाजों के ताले टूटे हुए थे और सामान बिखरा पड़ा था। चोर घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है। पुलिस ने मोहित शिकायत के आधार पर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक गांव बब्याल टंकी वाला मोहल्ला निवासी मोहित कुमार ने बताया कि वह और उसकी पत्नी प्रिया दोनों रेलवे में नौकरी करते हैं। 1 फरवरी की रात को वह ड्यूटी पर था और उसकी पत्नी मायके गई हुई थी। वह भी ड्यूटी करने के बाद ससुराल चला गया था।

शिकायतकर्ता मोहित ने बताया कि घर में रखा 25 हजार रुपए कैश, 2 तोले की चेन, ढाई तोले का गले का सेट, सोने की अंगूठी, सोने के टॉप्स की 2 जोड़ी, चांदी के पाजेब और सिक्का चोरी हुआ मिला। महेश नगर थाना पुलिस ने मोहित की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)  

Content Writer

Manisha rana