चोरों ने ए.टी.एम काट कर उड़ाए लाखों रुपए, जांच में जुटी पुलिस

6/12/2020 1:53:33 PM

मुलाना : क्षेत्र में एक बार फिर ए.टी.एम. लूट की घटना सामने आने से हड़कंप मच गया है। बता दें कि अज्ञात बदमाशों ने वीरवार को तड़के ए.टी.एम. लूट की वारदात को अंजाम दिया है। मामला मुलाना क्षेत्र के दोसड़का चौक पर स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा के ए.टी.एम. का है। दोसड़का सिरसगढ़ में वीरवार तड़के बदमाशों ने बैंक ऑफ बड़ौदा के ए.टी.एम. को काटकर 12 लाख 5 हजार 200 रुपए लूट लिए। बदमाशों ने ए.टी.एम. में घुसते ही पहचान छिपाने के लिए सबसे पहले सी.सी.टी.वी. कैमरे पर स्प्रे किया, उसके बाद चोरी की वारदात को अंजाम दिया। इधर, घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।    

दरअसल, बैंक ऑफ बड़ौदा के ए.टी.एम. बूथ पर रात के समय कोई सिक्योरिटी गार्ड नहीं रहता। वीरवार अलसुबह पुलिस को सूचना मिली की बैंक ऑफ बरोड़ा के ए.टी.एम. मशीन के साथ किसी अज्ञात ने छेड़छाड़ की हुई है। पुलिस ने घटनास्थल का जाकर देखा तो ए.टी.एम. का सेफ बॉक्स कटा हुआ था। इसके बाद उसने तुरंत इसकी सूचना बैंक मैनेजर को दी। फिलहाल, पुलिस जांच में सामने आया है कि बदमाशों ने ए.टी.एम. का निचला हिस्सा काटकर करीब 12 लाख 5 हजार 2 सौ रुपए चोरी किए है।

पुलिस ने जांच के दौरान सी.सी.टी.वी. फुटेज खंगाले, जिसमें पाया कि रात करीब 1:35 बजे स्विफ्ट कार में आए अज्ञात चोरों ने ए.टी.एम. के शट्टर के अंदर और बाहर लगे सी.सी.टी.वी. पर स्प्रे किया। इससे बदमाशों की पहचान नहीं हो सकी है। ऐसे में पुलिस आसपास के सी.सी.टी.वी. फुटेज खंगालने का प्रयास कर रही है। पुलिस ने बैंक मैंनेजर मनोज कुमार की शिकायत रक अज्ञात चोरों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मुकद्दमा दर्ज कर जांच शुरु कर दी है। 

Edited By

Manisha rana