चोरों ने ATM काटकर चुराए 3.82 लाख रुपए, वारदात से पहले काट दी थी CCTV की तार

8/20/2021 10:36:29 AM

हिसार : हिसार-बालसमंद मार्ग पर स्थित गांव भिवानी रोहिल्ला में चोर यूनियन बैंक के साथ लगती ए.टी.एम. काटकर 3, 82,700 रुपए चुरा ले गए। वारदात रात डेढ़ बजे के आस-पास हुई। चोरों ने वारदात से पहले सी.सी.टी.वी. की तार काट दी। सदर थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ चोरी करने व मशीन क्षतिग्रस्त करने का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बैंक मैनेजर शालिनी ने बताया कि वीरवार को सुबह 9.15 बजे स्टाफ सदस्य ड्यूटी पर आए तो वारदात का पता चला। बैंक मैनेजर ने बताया कि रोज शाम 7 बजे ए.टी.एम. बंद कर देते हैं। चोरों ने बुधवार रात करीब डेढ़ बजे ए.टी.एम. के नजदीक लगे सी.सी.टी.वी. की तार काट दी। फिर बैंक के साथ बने ए.टी.एम. का शटर साइड से काटकर अंदर घुसकर ए.टी.एम. मशीन का अगला भाग गैस कटर से काट दिया। उसके बाद चोर ए.टी.एम. में रखे 3,82,700 रुपए चुराकर ले गए। बाद में वीरवार को सुबह स्टाफ सदस्य ड्यूटी पर पहुंचे तो वारदात का पता चला।

वहीं मामले की सूचना पुलिस को दी गई। डी.एस.पी. नारायण चंद, बालसमंद चौकी स्टाफ सदस्य और फोरेंसिक एक्सपर्ट टीम सदस्य मौके पर पहुंचे। फिर वहां का मुआयना किया। बताया गया है कि ए.टी.एम. को गैस कटर से काटा गया है। सदर थाना पुलिस ने इस संबंध में अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है।

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)


 

Content Writer

Manisha rana