अजय चौटाला की कर्मभूमि रही दादरी में इस बार JJP कर सकती है रैली; दुष्यंत व दिग्विजय ने भी संभाली कमान

punjabkesari.in Tuesday, Oct 06, 2026 - 01:26 PM (IST)

चंडीगढ़ (संजय अरोड़ा): जननायक जनता पार्टी की ओर से जहां पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डा. अजय सिंह चौटाला जनजागरण अभियान के तहत प्रदेश की 90 विधानसभा सीटों पर दस्तक देने निकल पड़े हैं तो पार्टी द्वारा 9 दिसंबर को स्थापना दिवस पर की जाने वाली रैली की तैयारियां भी शुरू कर दी गई हैं।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार जजपा इस बार दादरी में स्थापना दिवस पर राज्यस्तरीय रैली कर सकती है। सियासी विशेषकों के अनुसार दादरी में बड़ी रैली आयोजित किए जाने की चर्चाओं के बीच भिवानी संसदीय क्षेत्र की सियासत में हलचल तेज हो गई है। दादरी जिला भिवानी संसदीय क्षेत्र का हिस्सा है और यह सीट डा. अजय चौटाला का सियासी कर्मक्षेत्र रही है। यहां से वे 1998 से लेकर 2009 तक लगातार चार चुनाव लड़ चुके हैं।

दादरी पहले भिवानी जिले का हिस्सा ही था और बाद में इसे अलग जिला बनाया गया था। भिवानी से डा. अजय चौटाला सांसद भी रह चुके हैं। अब स्थापना दिवस पर होने वाली रैली को लेकर जहां जजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डा. अजय चौटाला जनजागरण अभियान पर निकले हैं तो दुष्यंत चौटाला व दिग्विजय चौटाला भी फील्ड में सक्रिय हो गए हैं।

गौरतलब है कि डा. अजय सिंह चौटाला और दुष्यंत चौटाला ने 9 दिसंबर 2018 को जींद में आयोजित एक बड़ी रैली के माध्यम से जननायक जनता पार्टी का गठन किया था। पार्टी के गठन के बाद जजपा ने जनवरी 2019 में जींद विधानसभा उपचुनाव के जरिए औपचारिक रूप से चुनावी राजनीति में कदम रखा। इसके बाद मई 2019 में हुए लोकसभा चुनाव में जजपा ने आम आदमी पार्टी के साथ गठबंधन करके सात सीटों पर चुनाव लड़ा। इस चुनाव में पार्टी को करीब 2.80 प्रतिशत मत मिले। इसके कुछ ही महीनों बाद अक्तूबर 2019 में हरियाणा विधानसभा चुनाव हुए।

जजपा ने प्रदेश की सभी विधानसभा सीटों पर अपने उम्मीदवार मैदान में उतारे और अपने पहले ही विधानसभा चुनाव में 10 सीटें जीतकर राज्य की राजनीति में प्रभावी दस्तक दी। उस चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को 40 सीटों पर जीत मिली। किसी भी दल को स्पष्ट बहुमत नहीं मिलने की स्थिति में जजपा ने भाजपा को समर्थन दिया और दुष्यंत चौटाला हरियाणा की सरकार में उपमुख्यमंत्री बने।

इस गठबंधन सरकार में जजपा की भूमिका कई वर्षों तक प्रदेश की राजनीति में महत्वपूर्ण रही। हालांकि 2024 के विधानसभा चुनाव में जजपा को बड़ा राजनीतिक झटका लगा और पार्टी एक भी सीट जीतने में सफल नहीं रही। इसके बाद पार्टी ने संगठन में बड़े स्तर पर बदलाव की प्रक्रिया शुरू की। जजपा की ओर से संगठन को नए सिरे से खड़ा करने, विभिन्न प्रकोष्ठों में नई नियुक्तियां करने और जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने पर जोर दिया जा रहा है। पार्टी की नजर अब आगामी 2029 के विधानसभा चुनाव पर है और इसी उद्देश्य से संगठन को अभी से मजबूत करने की रणनीति पर काम किया जा रहा है।

रैली को लेकर सभी 90 हलकों में प्रचार करेंगे डा. अजय चौटाला

जजपा के स्थापना दिवस पर होने वाली रैलियां पार्टी के राजनीतिक सफर का महत्वपूर्ण हिस्सा रही हैं। 9 दिसंबर 2018 को जींद में हुई रैली के माध्यम से पार्टी का गठन हुआ था। उसके बाद स्थापना दिवस पर जजपा की ओर से विभिन्न हिस्सों में रैलियां की जाती हैं और पिछले साल जुलाना में रैली की गई थी। अब स्थापना दिवस पर इस बार दादरी में रैली किए जाने की संभावना है।

इस रैली की तैयारियों के साथ-साथ जेजेपी ने प्रदेशभर में जनसंपर्क अभियान तेज करने की रणनीति बनाई है। लंबे अंतराल के बाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डा. अजय चौटाला भी सक्रिय नजर आ रहे हैं। 2 अक्तूबर को महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर उन्होंने जनजागरण अभियान की शुरुआत अपने पैतृक गांव चौटाला से की थी।

इस अभियान के तहत पार्टी के वरिष्ठ नेता प्रदेश के सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों में पहुंचने की योजना पर काम कर रहे हैं। इन क्षेत्रों में जनसभाएं आयोजित कर कार्यकर्ताओं और आम लोगों से संवाद किया जाएगा। साथ ही 9 दिसंबर को प्रस्तावित स्थापना दिवस रैली के लिए लोगों को निमंत्रण भी दिया जाएगा। पार्टी की कोशिश है कि स्थापना दिवस की रैली को केवल संगठनात्मक कार्यक्रम तक सीमित न रखते हुए इसे राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन के रूप में भी प्रस्तुत किया जाए।

भिवानी से पुराना है डा. अजय चौटाला का नाता

गौरतलब है कि दादरी जिला भिवानी संसदीय सीट का हिस्सा है। भिवानी संसदीय क्षेत्र से जननायक जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डा. अजय सिंह चौटाला का लंबे समय से विशेष राजनीतिक और भावनात्मक जुड़ाव रहा है। डा. अजय चौटाला भिवानी लोकसभा सीट से चार बार चुनाव लड़ चुके हैं और एक बार सांसद भी चुने जा चुके हैं। साल 1998 के लोकसभा चुनाव में डा. अजय चौटाला ने इंडियन नैशनल लोकदल की टिकट पर चुनाव लड़ा था।

इस चुनाव में उन्हें हरियाणा विकास पार्टी के सुरेंद्र सिंह से करीब 10 हजार वोटों के मामूली अंतर से हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद 1999 के लोकसभा चुनाव में डा. अजय सिंह चौटाला ने जोरदार वापसी करते हुए कांग्रेस प्रत्याशी धर्मवीर सिंह को करीब 1 लाख 96 हजार वोटों के बड़े अंतर से पराजित किया और पहली बार भिवानी से सांसद चुने गए। वर्ष 2004 के लोकसभा चुनाव में डा. अजय सिंह चौटाला ने एक बार फिर भिवानी से चुनावी मैदान में ताल ठोकी। इस चुनाव की खासियत यह रही कि इसमें हरियाणा के तीन प्रमुख लाल परिवारों से जुड़े नेता आमने-सामने थे।

कांग्रेस की ओर से पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी भजनलाल के पुत्र कुलदीप बिश्नोई, जबकि हविपा की ओर से चौधरी बंसीलाल के पुत्र सुरेंद्र सिंह मैदान में थे। इस मुकाबले में कुलदीप बिश्नोई विजयी रहे। वर्ष 2009 में भी डा. अजय चौटाला ने भिवानी से लोकसभा चुनाव लड़ा। इस तरह भिवानी संसदीय क्षेत्र उनके राजनीतिक सफर का महत्वपूर्ण केंद्र रहा है।

भिवानी से उनके जुड़ाव को दादरी क्षेत्र से भी जोडक़र देखा जाता है। दादरी जिले की बाढड़़ा विधानसभा सीट से डा. अजय चौटाला की पत्नी नैना चौटाला वर्ष 2019 में विधायक चुनी गई थीं। गौरतलब है कि दादरी पहले भिवानी जिले का ही हिस्सा था और 1 दिसंबर 2016 को अलग जिला बनकर अस्तित्व में आया। यही वजह है कि भिवानी-दादरी क्षेत्र से चौटाला परिवार का राजनीतिक रिश्ता काफी पुराना और मजबूत माना जाता है।

रैली को लेकर लोगों में है उत्साह: दुष्यंत चौटाला
जननायक जनता पार्टी के नेता व पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कहा कि स्थापना दिवस रैली को लेकर पार्टी स्तर पर तैयारियां तेज हो गई हैं और स्थापना दिवस पार्टी के लिए महत्वपूर्ण अवसर है और हर वर्ष इस दिन रैली के माध्यम से कार्यकर्ताओं तथा आमजन से संवाद किया जाता है।

उन्होंने कहा कि जजपा लगातार प्रदेश के विभिन्न वर्गों से जुड़े मुद्दों को उठाती रही है। दुष्यंत चौटाला ने कहा कि जजपा ने अपने गठन के बाद से प्रदेश के विभिन्न वर्गों से जुड़े मुद्दों को राजनीतिक मंचों पर उठाया है। उन्होंने कहा कि किसान, युवा, कर्मचारी, व्यापारी और ग्रामीण क्षेत्र से जुड़े विषय पार्टी के लिए लगातार महत्वपूर्ण रहे हैं। किसानों की स्थिति का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि फसलों का उचित मूल्य और कृषि क्षेत्र से जुड़ी समस्याओं का समाधान किसानों की प्राथमिक जरूरतों में शामिल है।

उन्होंने कहा कि पार्टी के नेता व कार्यकर्ता स्थापना दिवस रैली को लेकर गांवों और शहरों में लोगों से संपर्क कर रहे हैं। रैली के माध्यम से संगठन की गतिविधियों, नीतियों और जनहित से जुड़े मुद्दों को जनता के सामने रखने का प्रयास किया जाएगा। दुष्यंत चौटाला ने कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय के साथ तैयारियों में जुटने और अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच बनाने की अपील की।

उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती निरंतर जनसंपर्क और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी से ही संभव है। उन्होंने कहा कि स्थापना दिवस रैली को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह है और संगठन के पदाधिकारी तथा कार्यकर्ता तैयारियों में जुटे हुए हैं। 

रैली की तैयारियां जोरों पर, हर वर्ग की आवाज बनेगी जजपा: दिग्विजय

जजपा की युवा इकाई के प्रदेशाध्यक्ष दिग्विजय चौटाला का कहना है कि जननायक जनता पार्टी की स्थापना दिवस रैली को लेकर पार्टी की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। उन्होंने कहा कि स्थापना दिवस के अवसर पर हर वर्ष पार्टी की ओर से रैली आयोजित की जाती है और इस बार भी कार्यकत्र्ताओं में इसे लेकर खासा उत्साह है।

उन्होंने कहा कि जजपा भले ही अपेक्षाकृत नई पार्टी है, लेकिन हरियाणा की जनता के साथ उनके परिवार और पार्टी के रिश्ते बहुत पुराने और मजबूत हैं। दिग्विजय चौटाला ने कहा कि जजपा लगातार प्रदेश के हर वर्ग की समस्याओं और मुद्दों को मजबूती से उठाने का काम कर रही है। उन्होंने विशेष रूप से किसानों की स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि आज प्रदेश का किसान अनेक चुनौतियों से जूझ रहा है।

किसानों को उनकी फसलों का उचित मूल्य नहीं मिल रहा, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी किसानों, युवाओं, व्यापारियों, कर्मचारियों और अन्य वर्गों से जुड़े मुद्दों को लगातार सरकार और जनता के सामने रखती रही है। उन्होंने कार्यकत्र्ताओं से स्थापना दिवस रैली को सफल बनाने के लिए पूरी ताकत के साथ जुटने का आह्वान किया।

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)   

 

 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Krishan Rana

Related News

static