शहीद अरविंद सांगवान के अंतिम यात्रा में शामिल हुए हजारों लोग, 8 वर्षीय बालक ने दी मुखाग्नी

12/25/2022 7:59:36 PM

चरखी दादरी(पुनीत):  जिले के झोझू गांव निवाली अरविन्द सांगवान को पूरे राजकीय सम्मान के साथ हजारों लोगों ने नम आंखों से विदाई दी। उनके 8 वर्षीय बेटे ध्रुव ने उन्हें मुखाग्नी दी। इस दौरान इनके पैतृक निवास से लेकर श्मशान घाट तक लोगों की भीड़ लगी रही।

बता दें कि गत 23 दिसंबर को सिक्किम में हुए एक सड़क हादसे में अरविंद शहीद हो गए थे। जिसके बाद उनके पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार के लिए पैतृक निवास पर लाया गया। इस दौरान प्रशासनिक अधिकारियों सहित जनप्रतिनिधि एवं हजारों ग्रामीणों ने अपने लाडले को श्रद्धांजलि दी। करीब आठ वर्षीय शहीद के बेटे ध्रूव ने शहीद पिता को हाथ जोडक़र नमन किया।

शहीद के पिता राजेंद्र सिंह साधारण किसान हैं और उसका छोटा बेटा यूपी पुलिस व शहीद की पत्नी पिंकी देवी हरियाणा पुलिस में कार्यरत हैं। पिता ने कहा कि उनके बेटे ने आज उनका सीना गर्व से चौड़ा कर दिया है। शहीद की अंतिम यात्रा में सांसद धर्मबीर सिंह, विधायक सोमबीर सांगवान, पूर्व मंत्री सतपाल सांगवान, पूर्व विधायक सुखविंद्र मांढी सहित अनेक राजनीतिक व सामाजिक संगठनों के साथ-साथ हजारों ग्रामीण मौजूद रहे।

सांसद धर्मबीर सिंह ने कहा कि अरविंद सांगवान ने देश के लिए शहादत दी है जो क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। केंद्र सरकार द्वारा शहीद अरविंद सांगवान को मिलने वाले सहायता दिलवाएंगे। वहीं विधायक सोमबीर सांगवान व पूर्व विधायक सुखविंद्र मांढी ने कहा कि हरियाणा सरकार द्वारा शहीद परिजनों को विशेष सहायता दिलाने के साथ-साथ स्कूल, संस्था या अन्य संस्थान को शहीद के नाम से करवाया जाएगा।

 

  (हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana  सर्च करें।)       

Content Editor

Ajay Kumar Sharma