विशेष समुदाय के लोगों को धमकी, होली तक छोड़कर चले जाएं घर

3/2/2020 10:28:24 AM

बहादुरगढ़ (भारद्वाज) : गांव ईस्सरहेड़ी के नजदीक रह रहे विशेष समुदाय के कई परिवारों को होली से पहले ही यहां से चले जाने की धमकी देने का मामला सामने आया है। दिल्ली सीमा से सटे होने के कारण दिल्ली व हरियाणा पुलिस की टीमें मौके पर पहुंची व परिवारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की बात कही। धमकी मिलने पर एक परिवार तो मकान पर पलायन कर गया। सुरक्षा के लिहाज से दिल्ली व हरियाणा पुलिस ने पी.सी.आर. तैनात की है।

इस समुदाय के 4 परिवार तो दिल्ली सीमा के एक गांव में रहते हैं, जबकि 16 परिवार बहादुरगढ़ के गांव ईस्सरहेड़ी के नजदीक रहते हैं। जिस कालोनी में वे रहते हैं, उसका नाम निखिल विहार है। विशेष समुदाय के कई परिवारों का आरोप है कि करीब 50-60 व्यक्तियों ने यहां आकर धमकी दी कि वे होली तक यहां से चले जाएं, नहीं तो इसका अंजाम भुगतना पड़ेगा। इसके बाद उक्त परिवारों ने दिल्ली व हरियाणा पुलिस को सूचित किया।

लोगों ने बताया कि धमकी देने वालों ने उन्हें मकान पर लगी उनके धर्म से जुड़ी फोटो और नाम हटाने को भी कहा है। उन्होंने बताया कि जो लोग धमकी देने आए थे, उन्होंने अपना नया संगठन बनाने की बात भी कही थी। आरोप है कि धमकी देने वालों ने दहशत फैलाने के लिए एक करियाना दुकान पर पत्थरबाजी भी की। डी.एस.पी. अशोक कुमार के मुताबिक शिकायत के आधार पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। जल्द ही उनकी पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल उक्त परिवारों की सुरक्षा के लिए पुलिसकर्मी तैनात कर दिए हैं।

Isha