पांच युवकों को नहर में डुबोकर मारने के आरोप के तीन आरोपी काबू , 13 के खिलाफ हुआ था मामला दर्ज

5/21/2022 9:59:16 AM

यमुनानगर(सुरेंद्र मेहता): हरियाणा के यमुनानगर के बुढ़िया थाना क्षेत्र में पश्चिमी यमुना नहर में पांच युवकों की डुबोकर हत्या करने के आरोप में पुलिस ने 5 दिन बाद तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जिन्हें अदालत में पेश करके बाकी आरोपियों को भी गिरफ्तार किया जाएगा।

 डीएसपी सुभाष चंद्र ने बताया कि 5 दिन पहले पश्चिमी यमुना नहर में 10 युवक नहाने गए थे तभी उन पर 1 दर्जन से अधिक युवकों ने   हमला कर दिया था। जिसकी वजह से उन्होंने अपनी जान बचाने के लिए नहर में छलांग लगा दी। इन लोगों ने तब भी हमला जारी रखा। इसी के चलते 5 लोगों की यमुना नहर में डूबने से मौत हो गई थी। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज करके जांच शुरू की थी। अब हत्या के आरोप में पुलिस ने आरोपी साहिल, संदीप व अजरुदीन को गिरफ्तार करके न्यायालय में पेश किया और 4 दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया है।
 
यमुनानगर के बुढ़िया थाना क्षेत्र  में 5 लोगों की डुबोकर हत्या के मामले को लेकर उनके शव बरामद करने में लोकल गोताखोरों को काफी दिक्कत का सामना करना पड़ा था। जिसके बाद एनडीआरएफ की टीम को बुलाया गया था। एनडीआरएफ की टीम ने कड मशक्कत के बाद लोकल गोताखोरों की सहायता से सभी पांचों शव बरामद कर परिजनों को सौंप दिए थे। अब इसमें तीन आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है जबकि 10 आरोपियों की गिरफ्तारी होना बकाया है।

Content Writer

Isha