तीन साल की मासूम के यौन शोषण करने वाले तीन गिरफ्तार

punjabkesari.in Saturday, Mar 21, 2026 - 08:10 PM (IST)

गुड़गांव, (ब्यूरो): पॉश सोसाइटी में तीन साल की मासूम बच्ची के साथ हुए यौन उत्पीड़न के मामले में गुड़गांव पुलिस ने दो महिला नौकरानी सहित तीन को गिरफ्तार किया है। पुलिस द्वारा कार्रवाई नहीं किए जाने पर पीड़ित पिता ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की थी। सुप्रीम कोर्ट में इस मामले की जांच सीबीआई या फिर एसआईटी से करवाने की मांग की गई थी।

गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।

 

सुप्रीम कोर्ट के द्वारा शुक्रवार को याचिका पर सुनवाई होने के बाद शनिवार को गुड़गांव पुलिस हरकत में आई। उसके बाद एक दंपत्ति और एक महिला नौकरानी गिरफ्तार कर लिया। जबकि सुप्रीम कोर्ट में इस मामले पर सोमवार को सुनवाई होनी है। पुलिस की गिरफ्त में आए आरोपियों की पहचान एक दंपत्ति निवासी पश्चिम-बंगाल और उनकी सहेली निवासी एटा उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। ये तीनों वर्तमान में गुड़गांव के गांव घाटा की झुग्गियों में रह रहे थे और इनकी उम्र 30 से 32 वर्ष के बीच है।

 

इस मामले में पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं। वरिष्ठ अधिवक्ता मुकुल रोहतगी ने शुक्रवार को सीजेआई जस्टिस सूर्यकांत की पीठ के समक्ष इस भयावह मामले का उल्लेख किया। उन्होंने अदालत को बताया कि पीड़ित बच्ची ने मजिस्ट्रेट के सामने दिए बयान में पूरी घटना का विस्तार से जिक्र किया है, इसके बावजूद गुड़गांव पुलिस ने न तो किसी को गिरफ्तार किया,न घटनास्थल को सुरक्षित किया और न ही कोई सीसीटीवी फुटेज जुटाया।

 

बच्ची के पिता की शिकायत पर सेक्टर-53 थाने में चार फरवरी 2026 को शिकायत देकर मामला दर्ज करवाया गया था। पीड़ित बच्ची के पिता ने आरोप लगाया था कि दिसंबर 2025 और जनवरी 2026 के बीच सोसाइटी में काम करने वाली दो महिला नौकरानी और एक अन्य व्यक्ति ने उनकी तीन वर्षीय बेटी के साथ अश्लील हरकतें और यौन शोषण किया। पिता का आरोप था कि बार-बार गुहार लगाने के बावजूद पुलिस मामले को ठंडे बस्ते में डाले हुए थी और न ही आरोपियों की गिरफ्तारी की गई। पुलिस प्रवक्ता एएसआई संदीप ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। जांच टीम साक्ष्य जुटा रही है और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pawan Kumar Sethi

Related News

static