हिसार के 3 युवकों का आई.ए.एस. में चयन

6/1/2017 12:15:56 PM

हिसार/सोनीपत(विनोद सैनी):शहर के 3 युवकों का भारतीय प्रशासनिक सेवा में चयन हुआ है। इनमें एक युवक सैक्टर-13 निवासी राहुल सिंधु है जबकि दूसरा गौरव सैनी और तीसरा युवक हरियाणा जनचेतना मंच के अध्यक्ष उमेद लोहान का पुत्र अमन लोहान है। राहुल ने 60वां रैंक हासिल किया है जबकि गौरव को 89वां रैंक और अमन लोहान को 568वां रैंक मिला है।

जानकारी के मुताबिक सैक्टर-13 निवासी रामफल सिंधु का पुत्र राहुल सिंधु दिल्ली आई.आई.टी. से पास आऊट है तथा फिलहाल भारतीय रेलवे यातायात सेवा में ट्रेनिंग कर रहा था। राहुल के पिता मूल रूप से खांडाखेड़ी के रहने वाले रामफल सिंधु अकाऊंटैंट जनरल हरियाणा के डिवीजनल अकाऊंट्स ऑफिसर के पद से सेवानिवृत्त हैं। माता ईश्वर देवी गृहिणी हैं तथा वह डाबड़ा से हैं। 

उधर, आई.ए.एस. परीक्षा में 89वां रैंक हासिल करने वाले गौरव ने दिल्ली के मौलाना आजाद मैडीकल कालेज से एम.बी.बी.एस. की हुई है। गौरव के पिता दलबीर सिंह सैनी यहां जिला समाज कल्याण अधिकारी हैं। उन्होंने बताया कि उनका बेटा मौलाना आजाद मैडीकल कालेज में भी गोल्ड मैडलिस्ट रहा है। गौरव ने 16 घंटे पढ़ाई कर इस मुकाम को हासिल किया है। वहीं, अमन बी.ए. ऑनर्स करने के बाद दिल्ली यूनिवर्सिटी से लॉ कर रहा था। इससे पूर्व भी अमन का मध्यप्रदेश सिविल सर्विसेज में सिलैक्शन हो चुका था। 

वहीं, गनौर (सोनीपत) के गांव शेखपुरा के होनहार छोरे ने दूसरी बार यू.पी.एस.सी. की परीक्षा पास कर जिले का नाम रोशन किया है। साधारण से परिवार से संबंध रखने वाले अंकुर रापरिया ने 341वां रैंक हासिल किया। इसी प्रकार सोनीपत के डिप्टी डी.ई.ओ. दलजीत सिंह की बेटी दीक्षा ने पहली बार में ही यू.पी.एस.सी. की परीक्षा पास की है। 

बता दें कि बुधवार को देशभर में सिविल सेवा परीक्षा का परिणाम घोषित किया गया। अंकुर फिलहाल आई.आर.एस. इन्कम टैक्स की ट्रेनिंग पर है और ओ.एन.जी.सी. में नौकरी कर चुका है।