कैंसर मरीजों की मौत को हादसा दर्शाने वाले तीन डॉक्टर सस्पेंड

12/22/2019 3:23:03 PM

ऐलनाबाद(सुरेंद्र सरदाना): कैंसर पीड़ितों की हादसे में मौत दिखाकर क्लेम लेने के मामले में अब तक जहां डॉक्टरों पर पुलिस की तरफ से कार्रवाई की गई थी, अब हेल्थ डिपार्टमेंट ने एक्शन लिया है। डीजी हेल्थ ने मामले में आरोपी डॉक्टर प्रकाश झा, डॉक्टर गौरव, डॉक्टर अंबुज जैन को सस्पेंड कर दिया है। अब इनको सोनीपत से पानीपत नागरिक अस्पताल में भेजा गया है। यह मामला 9 माह से सुर्खियों में है।

सोनीपत के साथ -साथ झज्जर, पानीपत, जींद, हिसार, रोहतक, बहादुरगढ़, करनाल में बीमा कंपनियों से धोखाधड़ी कर बीमा क्लेम किया गया। सोनीपत नागरिक अस्पताल के कार्यकारी पीएमओ डॉ. आदर्श ने बताया कि डॉक्टर अंबुज जैन, डॉक्टर गौरव व डॉक्टर प्रकाश झा को सस्पेंड कर दिया गया है। केस में नाम आने पर यह कार्रवाई की गई है। गौरव और अंबुज को पानीपत भेजा गया है, जबकि प्रकाश झा के कहां के ऑर्डर हुए हैं, इसकी जानकारी ली जा रही है।

9 माह से चर्चा में मामला, अब हुई विभागीय कार्रवाई
मास्टर माइंड पवन ने खोले थे सेटिंग के राज, अब तक 27 आरोपी गिरफ्तार...इस मामले के मास्टर माइंड पवन सेवली ने खुलासा किया था कि वह पुलिस के जांच अधिकारी व डॉक्टरों से सेटिंग कर बीमा प्राप्त करता था। फर्जी हादसा दिखाने के लिए पुलिस जांच अधिकारी को 50 हजार से एक लाख, फर्जी पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टरों को डेढ़ लाख रुपए देता था।

इस खुलासे के बाद सोनीपत के तीन डॉक्टर गौरव, डॉक्टर अंबुज , डॉक्टर प्रकाश झा को गिरफ्तार किया, जबकि हिसार के डॉक्टर को भी काबू किया। अब तक 27 आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं।
एसटीएफ ने बताया मामले का चालान कोर्ट में पेश कर दिया था। अब ट्रायल शुरू हो चुकी है। 50 के करीब गवाह बनाए हैं। इसके साथ मृतक कैंसर पीड़ित थे, इसकी जानकारी पीजीआई से, रोडवेज बस पास रजिस्टर से ली गई है। यह सबूत कोर्ट में पेश किए जाएंगे।

Edited By

vinod kumar