सिलेंडर में आग लगने से तीन लोग झुलसे, महिला की समझदारी से टला हादसा

1/3/2021 9:59:23 PM

फरीदाबाद (अनिल राठी): फरीदाबाद के संजय कॉलोनी के एक घर में खाना बनाते वक्त अचानक सिलेंडर में आग लग गई। आग लगने के बाद घर में अफरा-तफरी का माहौल हो गया। इस आग में परिवार के दो बच्चों सहित तीन लोग झुलस गए। हालांकि परिवार की गृहणी महिला की समझदारी से बड़ा हादसा होने टल गया। 

घटना काल देर शाम की है। आग लगने के बाद आनन फानन में परिवार ने आग बुझाने का प्रयास किया। वहीं खाना बना रही महिला ने समझदारी दिखाते हुए गैस सिलेंडर की नोब को बंद कर दिया। आग में झुलसी महिला ने बताया कि उन्होंने कल ही गैस एजेंसी से नया सिलेंडर लिया था और जैसे ही उन्होंने उसे लगा कर खाना बनाना शुरू किया, तभी सिलेंडर में आग लग गई। आग बुझाने के चक्कर में वह, बेटी और बेटा के पैर बुरी तरह से झुलस गए। 

हादसे में सबसे बड़ी बात यह रही कि महिला ने बहादुरी दिखाते हुए गैस सिलेंडर की नोब को बंद कर दिया और अपने झुलसते बेटे की आग को गीले कपड़े से बुझाने में कामयाब रही। अन्यथा यदि आग से सिलेंडर के फट सकता था और पूरा घर जलकर स्वाहा हो सकता था। वहीं घर में मौजूद तीन जिंदगियों के लिए आफत बन जाती।

बताया जा रहा है कि जिस भारत गैस की नीलम गैस एजेंसी से परिवार ने सिलेंडर लिया था, उसकी लापरवाही का यह कोई पहला मामला नहीं है। इस प्रकार के अन्य मामले सामने आते रहे हैं। फिलहाल इसकी शिकायत पीड़ित परिवार ने पुलिस से की है। लेकिन पुलिस इस मामले में कुछ भी बोलने को तैयार नहीं है।

Shivam