यमुना में नहाने गए तीन किशोर छात्र डूबे, एक की मौत, एक गायब

4/1/2019 5:11:16 PM

पानीपत(अनिल कुमार): पानीपत जिला के गांव सनौली खुर्द के तीन छात्र रविवार को गांव तामशाबाद के पास यमुना नदी में नहाते समय हुए डूब गए। हालांकि एक छात्र को तो पास में ही उपले पाथ रही महिलाओं ने चुन्नी के सहारे बचा लिया, लेकिन दो छात्र यमुना में डूब गए। वहीं दोनों में से एक छात्र को तो करीब तीन घंटे की मशक्कत के उपरांत ग्रामीणों ने यमुना से बेसुध हालत में बाहर निकाल लिया और उसे अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं यमुना में डूबे तीसरे छात्र की देर रात तक तलाश जारी थी।

जानकारी के अनुसार गांव सनौली खुर्द के अभिषेक (17), आर्यन (16) व उदय (15) एक ही बाइक पर सवार होकर गांव तामशाबाद में यमुना में नहाने के लिए गए। तीनों छात्रों ने अभी दसवीं, नौंवी व आठवी की परीक्षाएं दी हैं। वे तीनों छात्र तामशाबाद के पास यमुना नदी में नहाने के लिए पानी में उतरे तो एक गहरे गड्डे में चले गए, जिससे वे डूबने लगे तो उन्होंने शोर मचाने की कौशिश की पर आर्यन व उदय एक दूसरे को बचाने में लगे रहे, लेकिन अभिषेक थोड़ा उनसे अलग था तो उसे यमुना में पड़े किसी पत्थर का थोड़ा सहारा मिल गया। उसने शौर मचाया तो युमना के बंधे पर उपले पाथ रही महिलाओं ने अपनी चुन्नी के सहारे किसी तरह उसे बचा लिया।

वहीं अन्य दोनों छात्रों के डूबने का ऐलान तुरंत गांव की मस्जिद के लाउड स्पीकर से करवाया गया तो थोड़ी देर में ही भारी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। वहीं मामले की सूचना पुलिस व प्रशासन को दी गई। वहीं ग्रामीणों ने करीब तीन घंटे के उपरांत दोपहर बाद उदय को यमुना से बेसुध हालत में बाहर निकाला। जिसे पानीपत के हैदाराबादी अस्पताल में लेकर आए पर वहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं शाम को बिना पोस्टमार्टम करवाएं ही मृतक उदय का परिजनों ने गांव में संस्कार कर दिया। 

यमुना में डूबे तीसरे छात्र आर्यन की देर रात तक भी गौताखोरों व ग्रामीणों द्वारा तलाश की जा रही थी। इस मौके पर पुलिस की और से डीएसपी सतीश वत्स, सनौली थाना प्रभारी सुरजभान और प्रशासन की और से बापौली के नायब तहसीलदार जगदीश चंद्र व कानूगो नरेश मौजूद रहे। 

Shivam