Heavy Rain Alert: हरियाणा में आंधी-तूफान के साथ भारी बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी, IMD का अलर्ट

punjabkesari.in Tuesday, Sep 29, 2026 - 10:48 AM (IST)

हरियाणा डेस्क : हरियाणा के कुछ भागों में गरज-चमक, बिजली चमकने के साथ हल्की से मध्यम और कुछ स्थानों पर भारी बारिश के आसार हैं। भारतीय मौसम विभाग ने पूर्वानुमान बुलेटिन में कहा कि मंगलवार को हरियाणा में कुछ जगहों पर बारिश के साथ-साथ आंधी-तूफान और बिजली गिरने का अनुमान है। कुछ जगहों पर भारी बारिश की बहुत अधिक संभावना है।

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि भारी बारिश से खड़ी फसलों और बागवानी वाली फसलों को नुकसान हो सकता है। निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन सकती है। सड़क एवं रेल यातायात बाधित हो सकता है। सोमवार को पानीपत और अम्बाला में बारिश के कारण धान की फसल भीग गई। कुछ स्थानों पर तेज बारिश के कारण जलभराव भी रहा। बारिश के कारण सबसे ज्यादा तापमान में गिरावट पंचकूला में आई, जहां दोपहर का तापमान 24.2 डिग्री सैल्सियस रहा। इस तापमान में 5.5 डिग्री सैल्सियस की गिरावट दर्ज की गई।

हरियाणा के 8 जिलों को छोड़कर अन्य सभी में 30 डिग्री सैल्सियस से नीचे तापमान दर्ज किया गया। रात्रि तापमान भिवानी का सबसे कम 19.5 डिग्री सैल्यिस रहा। सुबह के समय ओस की बूंदें भी पड़ीं। सामान्य से कम तापमान होने और बारिश के कारण सुबह के समय ठंड का अहसास हुआ। भारतीय मौसम विभाग अनुसार अम्बाला में 37.4, करनाल में 113.5, रोहतक में 14.5, कैथल में 30.0, कुरुक्षेत्र में 13.0, पंचकुला में 15.5, सोनीपत में 13.5, यमुनानगर में 20, जींद में 26.5 व गुरुग्राम में 20 मिलीमीटर बारिश हुई। एक-दो दिन मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा, उसके बाद मौसम खुश्क होने से दिन के तापमान में बढ़ौतरी होगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman

Related News

static