बीजेपी के दाँत खाने के और दिखाने के और- आप सांसद

5/8/2022 10:24:31 PM

जगाधरी(सुमित): पंजाब में सरकार बनाने के बाद आम आदमी पार्टी हरियाणा में भी अपना संगठन विस्तार कर रही है। इसी कड़ी में आज, अंबाला लोकसभा से पार्टी के संगठन मंत्री, आदर्श पाल की अगुवाई में जगाधरी में एक रैली का आयोजन किया गया। पार्टी के हरियाणा प्रभारी और राज्यसभा सांसद सुशील गुप्ता इस रैली में मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की। सुशील गुप्ता ने इस दौरान हरियाणा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आज जनता हरियाणा को गुंडाराज, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और अपराध से मुक्त करवाना चाहती है। इसलिए प्रदेशवासी बदलाव करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।

गुप्ता ने कहा कि 29 मई को कुरूक्षेत्र में होने वाली आप पार्टी की, अब बदलेगा हरियाणा रैली, को कामयाब बनाने के लिए आप कार्यकर्ता जी जान से जुटे हुए हैं। इसी कड़ी में आज जगाधरी में भी सदस्यता कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जहां सैंकड़ो लोगो ने दूसरी पार्टियों को छोड़कर आम आदमी पार्टी का दामन थामा।

आप की, अब बदलेगा हरियाणा रैली, में ढाई लाख लोगों के आने का अनुमान- गुप्ता

सांसद सुशील गुप्ता ने प्रदेश के मौजूदा हालातो को लेकर प्रदेश सरकार पर जमकर निशाना साधा। गुप्ता ने कहा कि बेरोजगारी को लेकर हरियाणा देश में पहले नंबर पर है। 18 से 28 साल की उम्र की अगर बात करें तो 80% बेरोजगारी है। युवक मजबूरी में नशे और अपराध के रास्ते पर चल रहे है या मानसिक तनाव में आकर आत्महत्या की बात सोच रहे हैं। हरियाणा सरकार ना तो स्कूल-कॉलेज सुधार पाई और ना ही अस्पताल। हरियाणा बदलाव चाहता है। लोग अरविंद केजरीवाल की नीतियों वाली सरकार चाहते हैं। 29 मई को, अब बदलेगा हरियाणा रैली, के अंदर ढाई लाख लोगों के आने का अनुमान है। लोग अरविंद केजरीवाल को सुनना चाहते हैं और बदलाव चाहते हैं। भाजपा आज जाति और धर्म के नाम पर राजनीति कर रही है। मुख्यमंत्री कार्यालय भ्रष्टाचार में लिप्त है। 25 पेपर लीक हो चुके हैं और प्रदेश के युवाओं के साथ खिलवाड़ हो रहा है।

तेजिंदर पाल मामले में हरियाणा पुलिस ने की गुंडागर्दी

बीजेपी नेता तेजिंदर पाल बग्गा मामले में सुशील गुप्ता ने एक बार फिर भाजपा को घेरा। उन्होंने शिक्षा मंत्री कवंरपाल गुर्जर के उस बयान पर भी पलटवार किया जिसमें उन्होंने पंजाब पुलिस की कार्यवाही को प्रजातंत्र के लिए खतरनाक बताया था। सांसद गुप्ता ने कहा, आप पार्टी वाले जानते हैं कि प्रजातंत्र में कानून की मान्यता सबसे ऊपर होती है। बग्गा को 8 बार नोटिस देकर बुलाया गया। इस मामले में पंजाब की कोर्ट ने हरियाणा पुलिस को भी लताड़ा है और दिल्ली पुलिस को भी लताड़ लगाई है। कानून के सामने पेश करने के लिए किसी व्यक्ति को एक राज्य से दूसरे राज्य में लेकर जाने को भाजपा वाले अपहरण का नाम देते हैं। यदि सचमुच पंजाब पुलिस अपहरणकर्ता है तो फिर हरियाणा पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार क्यों नहीं किया। यदि कोई किसी का कोई अपरहण कर रहा है तो सबसे पहले अपहरणकर्ता को गिरफ्तार करना चाहिए। बीजेपी के हाथी के दांत खाने के और दिखाने के और है। ये गुंडागर्दी करते हैं। जिस जगह पर इन्होंने तेजिंदर बग्गा को जबरदस्ती और गैरकानूनी तरीके से छुड़ाया था, वहां पर गोलियां चली। उस विषय में गृह मंत्री अनिल विज क्यों नहीं बोले। हरियाणा पुलिस इस मामले में दादागिरी करने कहां से आ गई। इस पूरे मामले में हरियाणा पुलिस का क्या रोल था। अब क्या हरियाणा पुलिस हर आने जाने वाले को रोककर उनसे पूछताछ करेगी।

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

 

 

 

Content Writer

Vivek Rai