SYL पर सुनवाई आज, केंद्रीय मंत्री गडकरी से मिले सीएम खट्टर

9/7/2017 10:36:30 AM

नई दिल्ली(ब्यूरो): पंजाब व हरियाणा के बीच सतलुज-यमुना लिंक नहर के निर्माण का मामला एक बार फिर गरमा रहा है। हरियाणा सरकार इस मसले पर आगे बढ़ते हुए केंद्र सरकार के पास पहुंच गई है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने राज्य के नेताओं, मंत्रियों व अधिकारियों को साथ लेकर केंद्रीय जल संसाधन मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात की। साथ ही वर्तमान हालात की यथास्थिति से अवगत करवाया। मीटिंग के बाद मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने बताया कि एस.वाई.एल. के बारे में वीरवार को सर्वोच्च न्यायालय में होने वाली सुनवाई के मद्देनजर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर हरियाणा के प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश का पक्ष रखा। 

गडकरी ने इस बारे में पूरी तरह से हरियाणा के हितों की रक्षा का विश्वास दिलाया है। उन्होंने कहा कि सतलुज-यमुना लिंक नहर के निर्माण का विषय है। एस.वाई.एल. का निर्माण हो जाए तो पानी से संबंधित विषय का निपटान परस्पर बातचीत से कर लिया जाएगा। पंजाब में नई सरकार के बारे में मीडिया की ओर से किए प्रश्न पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए मनोहर लाल ने कहा कि प्रश्न किसी राजनीतिक दल विशेष का नहीं है। विपक्षी दलों को साथ लेने के बारे में मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी राजनीतिक दलों को साथ लेकर लड़ाई कर रहे हैं। हमने सर्वदलीय बैठक की है, राष्ट्रपति से मुलाकात की है और केंद्रीय गृहमंत्री से मुलाकात कर पक्ष रखा है।