मानसून आज पूरे हरियाणा को कर लेगा कवर, कई जिलों में तेज बारिश के आसार

6/26/2020 4:41:29 PM

डेस्क: हरियाणा में मानसून ने दस्तक दे दी है। राज्य के कई जिलों में सोमवार को भी बारिश हुई। इससे तापमान में गिरावट आई है। मौसम विभाग के अनुसार आज मानसून पूरे प्रदेश को कवर कर लेगा। कई जिलों में तेज बारिश के आसार हैं। बारिश होने से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलेगी। 

मौसम विभाग के मुताबिक 10 जुलाई को भी कुछ जगह बारिश होने की संभावना है। 11 को फिर कहीं-कहीं तेज बारिश हो सकती है। इसे देखते हुए सरकार ने यमुना व घग्गर नदी से लगते इलाकों में प्रशासन को सतर्क रहने को कहा है। लोगों से नदी-नालों से दूर रहने की अपील की गई है।

इस बार मानसून समय से पहले ही पहुंच चुका है। तीन दिन पहले पहुंचने के चलते इस बार हरियाणा के अधिकांश हिस्सों में बारिश होने की भी संभावना है। इस बार मौसम विभाग ने 107 फीसदी बारिश का अनुमान जताया है। बारिश होने से प्रदेश के किसानों को काफी फायदा होगा। 

मानसूनी टर्फ रेखा हिमालय की तलहटीयों व उत्तर पूर्व की तरफ बढऩे की संभावना को देखते हुए आज के बाद हरियाणा में मानसूनी हवा कमजोर हो जाने की संभावना है। इससे राज्य में 27 जून से 29 जून के बीच मौसम आमतौर पर परिवर्तनशील व आंशिक बादल और उतरी हरियाणा में कुछेक स्थानों पर छिटपुट बूंदाबांदी संभावित। इस दौरान राज्य में तापमान सामान्य या इसके आसपास ही रहने की संभावना है।

Edited By

vinod kumar