आज परिणय सूत्र में बंधेंगे पहलवान मौसम खत्री, अंकिता संग लेंगे सात फेरे

6/11/2017 11:13:13 AM

सोनीपत(पवन राठी):एक करोड़ का इनामी दंगल जीतने वाले अंतरराष्ट्रीय पहलवान मौसम खत्री व झज्जर की रहने वाली अंकिता आज शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं। शादी का मंडप सोनीपत के गीताजंलि गार्डन में सजेगा। मौसम खत्री अपने भाई-बहनों में सबसे छोटे हैं। मौसम का कहना है कि शादी का उनके खेल पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। सुशील की तरह वह शादी के बाद भी बेहतर प्रदर्शन जारी रखेंगे। वह हरियाणवी पहरावे में अंकिता संग सात फेरे लेंगे। 

देश को कई पदक दिला चुके हैं मौसम खत्री 
मौसम खत्री ने गुरुग्राम में हुए भारत केसरी दंगल में एक करोड़ रुपए इनाम की कुश्ती जीती थी। इसके अलावा वह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश को कई पदक दिला चुके हैं। अब योगेश्वर, साक्षी, सरिता के बाद मौसम खत्री भी शादी के बंधन में बंध जाएंगे।

मौसम खत्री का कहना है कि शादी के बाद भी खेल में अच्छा प्रदर्शन करेगा और इसी तरह प्रदेश और जिले का नाम रोशन करता रहेगा। 

मौसम के पिता भी थे पहलवान
हरियाणा पुलिस में सब इंस्पेक्टर के पद पर तैनात मौसम खत्री 26 वर्ष के हैं। पिता सूबे सिंह भी पहलवान थे। उन्हीं से प्रेरित होकर कुश्ती लड़ना सीखा। खत्री एशियाड गेम्स में ब्रॉन्ज मेडल हासिल कर चुके हैं। 

कल हुई थी खत्री की सगाई
मौसम की गत शाम अंकिता के साथ सगाई हुई थी। सगाई समारोह में पहुंचे ब्रजभूषण ने कहा कि खत्री बहुत अच्छा प्रदर्शन करते है और आगे भी करते रहेंगे। वहीं, कुश्ती को बढ़ावा दिया जा रहा है। योगेश्वर ने अकादमी शुरू की है और अब कही से भी आवेदन आएंगे तो हम उसके लिए भी मैट की सुविधा देंगे ताकि कुश्ती बहुत आगे निकल सके।

2018 होगा उनका अगला नया टारगेट: पहलवान योगेश्वर
इस मौके पर पहलवान योगेश्वर दत ने कहा कि उनका आने वाला नया टारगेट 2018 है। उन्होंने कहा कि 2018 में होने वाली चैम्पियनशिप में वो हिस्सा लेंगे, जिसके लिए उन्होंने तैयारी पूरी कर ली है। वही सुशील कुमार ने कहा कि वर्ल्ड चैम्पियनशिप की तैयारी पूरी है अगर मौका मिला तो वो खेलेगे। वही मध्यप्रदेश में किसानों के आंदोलन पर बोलते हुए योगेश्वर ने कहा कि हमारे देश की जनता बहुत भोली है। किसी नेता की बातों में देश का नुकसान नहीं करना चाहिए। उन्होंने कहा कि अपनी बात को शांति से रखना चाहिए क्योकि देश का नुकसान अपना नुकसान है।