कल किसान करेंगे भारत बंद आंदोलन, भाकियू नेता गुरनाम सिंह चढूनी इन शहरों में होंगे मौजूद

9/24/2020 10:43:54 PM

कुरुक्षेत्र (रणदीप रोड़): कृषि अध्यादेशों के विरोध में किसानों ने कल यानि 25 सिंतबर को भारत बंद का ऐलान किया है। भारत बंद के दौरान विभिन्न किसान संगठनों के नेता अपने तयशुदा कार्यक्रम स्थल पर पहुंचेंगे। इनमें से ही भारतीय किसान यूनियन के हरियाणा के प्रदेशाध्यक्ष गुरनाम सिंह चढूनी ने अपना कार्यक्रम तय किया है। चढूनी कल 11 बजे पिंजौर, उसके बाद बरवाला, अम्बाला कैंट, अम्बाला शहर फिर शाहबाद और आखिर में मुस्तफाबाद, यमुनानगर में होंगे।

भारतीय किसान यूनियन (चढूनी ग्रुप) के प्रदेश प्रवक्ता राकेश कुमार ने कहा कि किसानों का आंदोलन अब जन आंदोलन बन चुका है और लोगों का समर्थन उन्हें मिलता जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस बिल से हर वर्ग परेशान है। अब यह आंदोलन किसानों का जन आंदोलन बन चुका है। भाजपा के नेताओं को गांव में घुसने नहीं दिया जा रहा है उनका घेराव हो रहा है। 

राकेश ने कहा कि वोट लेने के लिए इन नेताओं को किसानों के बीच में जरूर आना पड़ेगा और तब किसान पूछेगा और अपना पाई पाई का हिसाब भी मांगेगा। हरियाणा पंजाब के किसानों को लोगों का भरपूर समर्थन मिल रहा है और हरियाणा पंजाब के लोग यहां तक कि दुकानदार अपनी-अपनी दुकानों को भी 25 सितंबर को बंद रखेंगे।

भारतीय किसान यूनियन हरियाणा प्रदेश के तमाम शहरों में जा रही है और लोगों से आह्वान कर रही है कि 25 सितंबर को वह भी उनके साथ शामिल हों। 

Shivam