निगम कर्मचारियों की टूल डाउन हड़ताल, लोगों को उठानी पड़ रही परेशानियां

11/28/2019 10:16:06 AM

फरीदाबाद (ब्यूरो) : म्युनिसिपल कारपोरेशन इम्लाइज फेडरेशन के आह्वान पर बुधवार को निगम कर्मचारियों की टूल डाउन हड़ताल के कारण लोग खासे परेशान रहे। विकास शुल्क जमा कराने तथा जन्म प्रमाण पत्र बनवाने आए लोगों को सुबह से सुबह तक इधर से उधर भटकना पड़ा। निगमायुक्त सोनल गोयल से कर्मचारियों को मांगे माने जाने पर आश्वासन मिला, तो दोपहर बाद कर्मचारियों ने टूल डाउन हड़ताल खत्म करने की घोषणा की।

हालांकि सुबह से कर्मचारी निगम मुख्यालय के बाहर ही जमा हो गए थे और अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। निगम कर्मचारियों की मांग थी कि ठेकेदारी प्रथा खत्म की जाए। पदोन्नति के पदों को तुरंत भरा जाए। एनआइटी, ओल्ड फरीदाबाद और बल्लभगढ़ जोन के बूस्टिंग व डिस्पोजल में फर्नीचर का इंतजाम किया जाए। सभी कार्यालयों में शौचालय की व्यवस्था की जाए।

खत्म हुई टूल डाउन हड़ताल
म्युनिसिपल कारपोरेशन इम्लाइज फेडरेशन के प्रधान रमेश जागलान ने बताया कि निगमायुक्त सोनल गोयल ने मांगों को गंभीरता से लिया है और आश्वस्त किया है कि मांगों का ब्यौरा सरकार तक पहुंचाया जाएगा। मांगों को पूरा करवाने का प्रयास किया जाएगा। महीने भर में समस्याओं का समाधान किया जाएगा। नगर निगम मुख्यालय में कई दफ्तर खाली थे, कई पर कुंडी लगी हुई थी। 

जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र केंद्र के बाहर लोग कर्मचारियों का इंतजार करते नजर आए। ऐसे ही विकास शुल्क जमा कराने आए लोग भी कमरा नंबर 86 के आसपास परेशान हाल दिखाई दिए। दोपहर तक कमरा बंद रहा और कर्मचारी टूल डाउन हड़ताल में शामिल रहे। डबुआ कालोनी से जन्म प्रमाण पत्र बनवाने आए विकास ने बताया कि काम न होने के कारण उन्हें वापस लौटना पड़ा।  इसी तरह कौराली से आए राजेंद्र सिंह, हीना और सीमा भी अपने काम से जन्म प्रमाण पत्र केंद्र में आए थे, मगर केंद्र बंद होने के चलते इनका काम नहीं हो सका।नका काम नहीं हो सका।

Isha