कोरोना वायरस: हरियाणा में कुल 9 पॉजिटिव केस, यूके से लौटी छात्रा वायरस से संक्रमित मिली

3/21/2020 9:45:00 PM

चंडीगढ़ (धरणी): हरियाणा में शनिवार को कोरोना वायरस से संक्रमित एक और मरीज की पुष्टि हो गई। इसके साथ ही प्रदेश में पीड़ितों की संख्या अब नौ हो गई है। शनिवार को पंचकूला के मरीज की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। सेक्टर एक की 40 वर्षीय महिला कोरोना वायरस से ग्रसित पाई गई है। यह महिला चंडीगढ़ की इंग्लैंड से लौटी कोरोना संक्रमित युवती के संपर्क में आई थी। इसने उस लड़की की मसाज की थी। पंचकूला के सेक्टर छह नागरिक अस्पताल में आइसोलेशन वार्ड में इस महिला को भर्ती कराया गया है। महिला के 17 वर्षीय बेटे व अन्य दो कि रिपोर्ट निगेटिव आई है। 

बता दें कि दूसरा केस शुक्रवार को हरियाणा के फरीदाबाद में सामने आया। 12 मार्च को स्पेन से लौटी 52 वर्षीय महिला की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। डीसी यशपाल यादव ने इसकी पुष्टि की। तीसरा केस, इंग्लैंड से आए पानीपत के 21 वर्षीय युवक की सैंपल रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई थी। 

चौथा केस गुरुग्राम का है। सेक्टर 10 अस्पताल में भर्ती पालम विहार निवासी 16 साल के किशोर की रोहतक पीजीआई से आई रिपोर्ट में कोरोना पॉजिटिव होने की पुष्टि हुई है। पांचवा केस, इसी किशोर की बड़ी बहन का है, जो पहले से ही कोरोना संक्रमित है। 

छठा केस, गुरुग्राम की 29 वर्षीय युवती का है, जो एक कम्पनी में काम करती है। हाल ही में उसने मलेशिया और इंडोनेशिया की यात्रा की थी। महिला अस्पताल में भर्ती है और फिलहाल उसकी हालत स्थिर है।  सातवां केस, एक शख्स का है, जिसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में रखा गया है। आठवां केस एक महिला का है, जो ब्रिटेन से लौटी थी।

सोनीपत में कोरोना का पहला मामला और प्रदेश का नौंवा केस सामने आया। सेक्टर 14 की रहने वाली छात्रा यूके से 18 मार्च को वापस आई थी। उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उसे खानपुर में भर्ती कराया गया है। पूरे परिवार की जांच की गई तो उनकी रिपोर्ट निगेटिव मिली। सभी को आइसोलेट किया गया है।

Shivam