केंद्र सरकार की किसानों को राहत, अब ट्रैक्टर नहीं रहेगा कमर्शियल वाहन(Video)

12/23/2017 1:24:24 PM

नई दिल्ली(कमल कुमार): केंद्र सरकार ने किसानों को राहत देते हुए ट्रैक्टर को व्यावसायिक श्रेणी में शामिल किए जाने के लिए किए गए ड्राफ्ट को वापस ले लिया है। यह जानकारी हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने शुक्रवार को दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन, राजमार्ग परिवहन मंत्री नितिन गडकरी के मुलाकात के बाद दी। उन्होंने बताया कि आग्रह के बाद केंद्रीय मंत्री ने मसले को किसानों के हित में अहम मानते हुए ड्राफ्ट को वापस ले लिया। 

उल्लेखनीय है कि यह मुद्दा इनेलो और कांग्रेस ने भी उठाया था। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने जहां गडकरी को पत्र लिखा था वहीं प्रमुख विपक्षी इनेलो दो बार गडकरी से मिली थी। इसके अलावा इनेलो सांसद दुष्यंत चौटाला ने ट्रैक्टर पर लोकसभा जाकर केंद्र का ध्यान इस ओर खींचने की कोशिश की थी। अब मुख्यमंत्री मनोहरलाल ने भी दिल्ली में गडकरी के साथ इसी मुद्दे पर बात की।

सीएम ने बताया हिसार में बनाए जाने वाले हवाई अड्डे के संदर्भ में दिल्ली से हिसार राष्ट्रीय राजमार्ग को 6 लेन का किए जाने को लेकर भी केंद्रीय मंत्री से बात हुई है। इसमें केंद्रीय मंत्री द्वारा अधिकारियों को सर्वेक्षण करने के निर्देश दे दिए गए हैं। इसे कुंडली -मानेसर-पलवल एक्सप्रेस वे से भी जोड़ा जाएगा, ताकि हिसार से केएमपी तक की दूरी 70 मिनट में तय की जा सके। केंद्रीय मंत्री के साथ बैठक में हरियाणा के लोक निर्माण मंत्री नरवीर सिंह भी मौजूद रहे।