सावधान! ट्रेडिंग ऐप के चक्कर में व्यापारी ने गंवाए 21.35 लाख, मुनाफे के लालच ने डुबोई जमापूंजी
punjabkesari.in Saturday, Apr 04, 2026 - 12:44 PM (IST)
कुरुक्षेत्र (कपिल शर्मा): जिले के लाडवा में ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर एक व्यापारी से 21.35 लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। साइबर ठगों ने पहले फेसबुक के जरिए संपर्क किया और फिर अच्छा मुनाफा दिलाने का लालच देकर ऐप के माध्यम से निवेश करवाया। जब पीड़ित ने पैसे निकालने की कोशिश की तो आरोपियों ने टैक्स के नाम पर और रकम मांगनी शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार लाडवा निवासी अरुण कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 3 मार्च को उनकी फेसबुक आईडी पर एक अजनबी का मैसेज आया। बातचीत के दौरान उसने व्हाट्सएप नंबर मांगा, जिस पर उन्होंने अपना नंबर दे दिया। इसके बाद उनके मोबाइल पर व्हाट्सएप कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को ट्रेडिंग एक्सपर्ट बताते हुए अपने प्लेटफॉर्म bitbazaarin.online पर निवेश करने पर अच्छा मुनाफा दिलाने का भरोसा दिया।
ऐप इंस्टॉल करवा कर शुरू कराया निवेश
शिकायतकर्ता के अनुसार आरोपी ने उनके मोबाइल में एक ऐप इंस्टॉल करवाई और उनके नाम से आईडी बनाकर ट्रेडिंग का तरीका समझाया। आरोपियों की बातों में आकर उन्होंने 8, 9 और 12 मार्च को ऐप में बताए गए यूपीआई आईडी पर कुल करीब साढ़े तीन लाख रुपए ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद ठगों ने उन्हें दो अन्य बैंक खाते भी दिए, जिनमें पैसे जमा करवाए गए।
मुनाफा दिखाकर और पैसे डलवाए
पीड़ित ने बताया कि शुरुआती निवेश के बाद ऐप में उन्हें मुनाफा दिखाया जाने लगा। इस पर आरोपी ने अधिक निवेश करने पर ज्यादा फायदा होने की बात कही। उनके झांसे में आकर उन्होंने 12 मार्च को करीब साढ़े पांच लाख रुपए और जमा कर दिए, जबकि अगले दिन करीब 12.35 लाख रुपए और ट्रांसफर कर दिए।
पैसे निकालने पर मांगा टैक्स
कुछ दिन बाद जब उन्होंने ऐप के माध्यम से पैसे निकालने की कोशिश की तो ट्रांजेक्शन नहीं हो सकी। इस बारे में जब उन्होंने कथित एक्सपर्ट से संपर्क किया तो उसने पैसे निकालने के लिए टैक्स देने की बात कही। तब उन्हें ठगी का एहसास हुआ और उन्होंने साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज करवाई। फिलहाल थाना साइबर पुलिस कुरुक्षेत्र ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।