गुरुग्राम सदर बाजार के व्यापारी सड़क पर, प्रशासन ने भेजा दुकानें तोड़ने का नोटिस

9/19/2018 2:31:38 PM

गुरूग्राम(मोहित कुमार): दिल्ली से सटे साइबर सिटी गुरुग्राम के सदर बाजार के व्यापारी इन दिनों सड़क पर नजर आ रहे हैं। दरअसल व्यापारियों को गुरुग्राम नगर निगम द्वारा नोटिस भेजा गया है कि 15 दिन में दुकानें खाली कर दी जाए। यह फैसला  बाजार के आसपास लगने वाले जाम से निजात दिलाने के लिए लिया गया है। यहां हरियाणा सरकार एक फ्लाइओवर और एक अंडरपास बनाना चाहती है। जिसमें ये दुकानें सबसे बड़ी अड़चन बनी हुई है। इसलिए इन्हें 20 सितम्बर तक खाली करने के नोटिस भेजे गए है।

व्यापारियों का आरोप है कि उन्हें यहां से हटने में दिक्कत नही है परन्तु विरोध की मुख्य वजह बिना वैकल्पिक व्यवस्था के इन्हें जबरदस्ती हटाया जा रहा है। बता दे कि ये पक्की दुकानें तकरीबन 41 साल पुरानी है। जबकि इससे पहले यहां पर खोखे हुआ करते थे जोकि सन 1947 से मौजूद थे। इन दुकानों के जरिये 250 परिवारों का घर चलता है।

व्यापारियों की माने तो नगर निगम के इस फैसले के बाद वह परेशान होकर दर-दर भटक रहे है। जिनमें से कुछ व्यापारियों का कहना है कि अगर नगर निगम नोटिस को वापस नहीं लेता है तो इसका विरोध करेंगे। अगर उसके बाद भी उनकी सुनवाई नहीं हुई तो उनके पास मरने के सिवा कोई दूसरा रास्ता नहीं बचेगा। नोटिस के बाद इन सभी व्यापारियों की नींद उड़ गई है। ऐसे में जिला प्रशासन व व्यापारियों में आने वाली 21 सितम्बर को टकराव की स्थिति सामने आ सकती है |
 


 

Rakhi Yadav