दो महीने के लिए बंद हुआ दिल्ली-जयपुर हाइवे, जानें पूरा मामला
punjabkesari.in Tuesday, Aug 18, 2026 - 10:40 AM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): बरसात में गुड़गांव को डूबने से बचाने के लिए गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण की तरफ से पानी निकासी के प्रबंध किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में अब बरसाती नाले का निर्माण मानेसर एरिया में शुरू कर दिया गया है। जीएमडीए की तरफ से सेक्टर-76-80 और दिल्ली जयपुर हाइवे के किनारे आरसीसी स्टॉर्म वाटर ड्रेन का काम किया जाना है। ऐसे में 18 अगस्त से 15 अक्टूबर तक रोड को बंद कर दिया गया है।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
जीएमडीए के अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली से जयपुर जाने वाली सर्विस रोड रामपुरा चौक फ्लाईओवर के नीचे से IMT मानेसर तक पूरी तरह बंद रहेगी। इसके लिए ट्रैफिक पुलिस द्वारा रूट डायवर्जन किया गया है। निर्धारित किए गए रूट के अनुसार जयपुर से दिल्ली और रामपुरा जाने के लिए निर्धारित रूट का ही प्रयोग करें। वहीं नौरंगपुर की तरफ जाने वाले वाहन चालक खेड़कीदौला टोल प्लाजा से यूटर्न लें फिर नौरंगपुर जाएं इसके अलावा SPR रोड गुरुग्राम व शिकोहपर से NH-48 के रास्ते आगे बढ़ें। वहीं, आईएमटी मानेसर से सेक्टर-85 जाने के लिए रामपुरा फ्लाइओवर से नीचे उतरकर सेक्टर-85 के लिए जाएं। वहीं, रामपुरा से जयपुर जाने वाले वाहन चालक सेक्टर-85 की सर्विस रोड पर जाएं। यहां से खेड़कीदौला यूटर्न लेकर जयपुर की तरफ जाएं।
उधर, सेक्टर-85 से रामपुरा, नौरंगपुर जाने के लिए रामपुरा फ्लाईओवर का प्रयोग करें। वहीं, तावड़ू, नौरंगपुर व दिल्ली-जयपुर हाइवे जाने के लिए प्रवीना डीएलएफ से खेड़कीदौला टोल प्लाजा के रास्ते जाएं। ट्रैफिक पुलिस ने आम जन से अपील की है कि निर्धारित रूट का इस्तेमाल करें, यातायात नियमो की पालना करे, धैर्य रखें और दिए गए दिशा निर्देशों की पालना करते हुए अपनी व दूसरों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अपने- अपने गंतव्य स्थानों की ओर जाएंगे।