कावड़ यात्रा ने बदल दिया ट्रैफिक रूट, पुलिस ने जारी की एडवाइजरी
punjabkesari.in Saturday, Aug 08, 2026 - 11:09 PM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): सावन में अपने आराध्य को मनाने के लिए शिवभक्तों का कावड़ लेकर गुड़गांव में आना शुरू हो चुका है। कावड़ियों के लिए जगह-जगह कैंप भी लगाए गए हैं। वहीं, पुलिस ने कावड़ियों की सुरक्षा को देखते हुए अलग लेन भी बनाई हुई है। जल्द ही गुड़गांव में डाक कावड़ भी आनी शुरू हो जाएगी। ऐसे में कावड़ यात्रा में कोई बाधा उत्पन्न न हो इसके लिए ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी कर ट्रैफिक रूट डायवर्ट किया है।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
पुलिस द्वारा जारी की गई एडवाइजरी में कहा गया है कि 11 अगस्त को महाशिवरात्रि पर विभिन्न धार्मिक स्थलों पर जलाभिषेक किया जाएगा। इस दौरान सड़कों पर कावड़ियों की काफी अधिक संख्या में भीड़ हो जाती है और यातायात का दबाव होने की भी संभावना बनी रहती है। कांवड़ियों, डाक कावड़ियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यातायात पुलिस गुरुग्राम द्वारा 9 अगस्त से 11 अगस्त तक सभी भारी वाहन चालकों को द्वारका एक्सप्रेसवे का प्रयोग करने के निर्देश दिए हैं।

पुलिस ने जारी एडवाइजरी में कहा है कि जो भारी वाहन चालक दिल्ली - गुरुग्राम के रास्ते राजस्थान, झज्जर, रेवाड़ी, पटौदी, नूह और फरीदाबाद आदि जिलों और स्थानों की ओर जाना चाहते हैं वे सभी भारी वाहन चालक केवल द्वारका एक्सप्रेसवे रोड और केएमपी रोड का इस्तेमाल करते हुए अपने-अपने गंतव्य स्थान की ओर जाएंगे, ताकि कांवड़ियों, डाक कांवड़ियों, आमजन और वाहन चालकों को अपनी यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े और यातायात का व्यवस्थित संचालन कराया जा सके। यातायात नियमों की पालना करते हुए यातायात पुलिस गुरुग्राम द्वारा बतलाए गए दिशा- निर्देशों की पालना सुनिश्चित करें।