हरियाणा में दर्दनाक हादसा : जहरीले सांप के डसने से जिंदगी की जंग हारी कॉलेज छात्रा...गम में डूबा पूरा परिवार
punjabkesari.in Sunday, Jul 12, 2026 - 02:50 PM (IST)
यमुनानगर (परवेज खान) : यमुनानगर के जगाधरी से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है। यहां सांप के काटने से एक 20 वर्षीय कॉलेज छात्रा की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है, जबकि परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
बता दें कि मामला जगाधरी के वार्ड नंबर-1 स्थित मां शक्ति कॉलोनी का है। जहां 20 वर्षीय शबनम, जो कॉलेज में पढ़ाई कर रही थी, रात को अपने घर में सो रही थी। इसी दौरान उसे जहरीले सांप ने काट लिया। शुरुआत में परिजनों को इसकी जानकारी नहीं हो सकी, लेकिन कुछ देर बाद उन्होंने बेड पर सांप को देखा जिसके बाद परिजन उसको तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे।

हालांकि अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने शबनम को मृत घोषित कर दिया। बेटी की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। घर में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग भी मौके पर जुट गए और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
उधर, घर में सांप होने की सूचना मिलने के बाद रेस्क्यू टीम को बुलाया गया। टीम ने मौके पर पहुंचकर सांप को सुरक्षित पकड़ने का अभियान चलाया, ताकि आसपास के लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। फिलहाल इस दर्दनाक घटना के बाद इलाके के लोग भी बरसात के मौसम में सांपों के बढ़ते खतरे को लेकर चिंतित हैं।
बरसात के मौसम में सांपों के रिहायशी इलाकों में निकलने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। ऐसे में विशेषज्ञ लोगों से सतर्क रहने और सांप दिखाई देने पर खुद पकड़ने की कोशिश करने के बजाय तुरंत रेस्क्यू टीम या वन विभाग को सूचना देने की अपील कर रहे हैं। फिलहाल मां शक्ति कॉलोनी में हुई इस घटना ने पूरे इलाके को गहरे सदमे में डाल दिया है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)