विजय दिवस के अवसर पर सीएम मनोहर लाल ने शहीदों को दी श्रद्धांजलि

7/26/2019 12:48:45 PM

पंचकूला (उमंग श्योराण): मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने पंचकूला में शहीद स्मारक पर कारगिल युद्ध में शहीद हुए जवानों को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान मनोहर लाल के साथ जिले के प्रशासनिक अधिकारियों समेत सेवा निवृत सेना के पूर्व अधिकारी भी मौजूद रहे। बता दें कि 20 साल पहले आज ही के दिन 26 जुलाई 1999 को भारत ने कारगिल युद्ध में विजय हासिल की थी। तब से इस दिन को हर वर्ष विजय दिवस के रूप में मनाया जाता है। कारगिल युद्ध भारतीय और पाकिस्तान के बीच करीब दो महीने तक चला, जिसमें भारतीय सेना के साहस और जांबाजी के कारण विजय हासिल हुई।

करीब 18 हजार फीट की ऊंचाई पर कारगिल में लड़ी गई इस जंग में देश ने 527 से ज्यादा वीर योद्धाओं को खोया था, वहीं 1300 से ज्यादा घायल हुए थे। जानकारी अनुसार युद्ध की शुरुआत पाकिस्तान की और से 3 मई 1999 को ही कर दी थी और जब उसने कारगिल की ऊंची पहाड़ियों पर 5,000 सैनिकों के साथ घुसपैठ कर कब्जा जमा लिया था। इस बात की जानकारी जब भारत सरकार को मिली तो सेना ने पाक सैनिकों को खदेड़ने के लिए ऑपरेशन विजय चलाया।

इस युद्ध में भारतीय वायुसेना ने पाकिस्तान के खिलाफ मिग-27 और मिग-29 का भी इस्तेमाल कर पाकिस्तान के कई ठिकानों पर आर-77 मिसाइलों से हमला किया गया। वहीं इस युद्ध में बड़ी संख्या में रॉकेट और बम का इस्तेमाल किया गया। इस दौरान करीब दो लाख पचास हजार गोले दागे गए। वहीं 5,000 बम फायर करने के लिए 300 से ज्यादा मोर्टार, तोपों और रॉकेट लांचर का इस्तेमाल किया गया। लड़ाई के 17 दिनों में हर रोज प्रति मिनट में एक राउंड फायर किया गया। बताया जाता है कि द्वितीय विश्व युद्ध के बाद यही एक ऐसा युद्ध था जिसमें दुश्मन देश की सेना पर इतनी बड़ी संख्या में बमबारी की गई थी।

Edited By

Naveen Dalal