त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक शाह ने हरियाणा के सीएम नायब सैनी का किया स्वागत

3/27/2024 7:27:49 PM

चंडीगढ़ (चंद्र शेखर धरणी): हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी व पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल बुधवार को हरियाणा प्रभारी एवं त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देब के त्रिपुरा वेस्ट लोकसभा से नामांकन भरने के कार्यक्रम में शामिल होने त्रिपुरा पहुंचे। नामांकन भरने से पहले बिप्लब कुमार देब के समर्थन में एकत्रित हुए लोगों के सामने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी और पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने त्रिपुरा और हरियाणा के संबंधों को भविष्य में और भी अधिक गहरे होने की बात कही। उन्होंने बिप्लब कुमार देब को जनसेवक बताते हुए लोगों से अपील की कि वे बिप्लब कुमार देब को ऐतिहासिक मतों से जीताकर लोकसभा में भेजें। बिप्लब कुमार देब ने भी हरियाणा से पहुंचे मुख्यमंत्री नायब सैनी, पूर्व मुख्यमंत्री मनोहरलाल, हरियाणा के चुनाव सह प्रभारी सुरेंद्र नागर, संगठन मंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा सहित तमाम नेताओं का आभार भी व्यक्त किया।  त्रिपुरा के मुख्यमंत्री डा. मानिक साह ने अगरतला स्थित मुख्यमंत्री आवास पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी का स्वागत किया।

मुख्यमंत्री नायब सैनी ने त्रिपुरा के लोगों को हरियाणा की ओर से राम-राम बोलते हुए कहा कि बिप्लब कुमार देब लोगों के दिलों की धड़कन हैं और आप सभी लोगों के सुख-दुख के साथी हैं तथा आप लोग भी बिप्लब कुमार देब को चाहते हैं। श्री सैनी ने बिप्लब कुमार देब की प्रशंसा करते हुए कहा कि श्री देब ने प्रदेश प्रभारी के रूप में हरियाणा की कमान भी बड़ी मजबूती से संभाली हुई है तथा प्रधानमंत्री मोदी को यह गारंटी दी है कि हरियाणा की 10 की 10 लोकसभा सीटें जीतेंगे। उन्होंने उपस्थित जनसमूह से अपील की कि त्रिपुरा की दोनों सीटों पर भाजपा प्रत्याशी को ऐतिहासिक मतों से जीताकर संसद में भेजें।  

नायब सैनी ने जनता में जोश भरते हुए जय श्रीराम, भारत माता की जय के नारे लगवाएं। उत्साहित लोगों ने भी भाजपा अबकी बार 400 पार के नारे लगाते हुए मोदी जिंदाबाद, बिप्लब कुमार देब जिंदाबाद के नारों से माहौल को भाजपामय बना दिया। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने जनता से आह्वान करते हुए कहा कि युवाओं के भविष्य, देश और प्रदेश की तरक्की के लिए भाजपा सरकार जरूरी है, इसलिए सभी लोग कमल का बटन दबाकर तीसरी बार मोदी सरकार बनाने का काम करें। यहां नायब सैनी ने बिप्लब कुमार देब को ऐतिहासिक जीत की अग्रिम बधाई भी दी।

हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने नॉर्थ ईस्ट के साथ हरियाणा के संबधों को बहुत ही बेहतर बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तरक्की की राह पर तेजी से आगे बढ़ा है। उन्होंने कहा कि इन 10 सालों में पूर्व के प्रदेशों में विकास की गंगा बहाई है।

नामांकन दाखिल करने के बाद बिप्लब कुमार देब ने कहा कि पश्चिम त्रिपुरा लोकसभा क्षेत्र की जनता के स्नेह, समर्थन और आशीर्वाद से तथा क्षेत्रवासियों के बेहतर भविष्य के संकल्प के साथ आज नामांकन पत्र दाखिल किया है। उन्होंने कहा कि नामांकन में उमड़ा जनसैलाब हर बूथ पर कमल खिलाने के दृढ़ संकल्प को साकार करने का प्रतिबिंब है।

(हरियाणा की खबरें अब व्हाट्सऐप पर भी, बस यहां क्लिक करें और Punjab Kesari Haryana का ग्रुप ज्वाइन करें।) 
(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

Content Editor

Nitish Jamwal