Palwal में गैस किल्लत पर संग्राम: कर्मचारी को हाथ काटने की धमकी, 11वें केस का खौफ दिखा मांग रहे सिलेंडर!
punjabkesari.in Saturday, Apr 18, 2026 - 09:07 PM (IST)
पलवल(गुरदत्ता): पलवल सहित देशभर में एलपीजी सिलेंडरों की किल्लत के बीच अब हालात तनावपूर्ण होते जा रहे हैं। इसी कड़ी में पलवल की निक कॉलोनी स्थित श्री राम एचपी गैस एजेंसी पर एक विवाद का मामला सामने आया है, जहां एक उपभोक्ता और एजेंसी के कर्मचारी के बीच कहासुनी के बाद मामला गंभीर रूप ले गया।
जानकारी के अनुसार, गैस लेने को लेकर हुए विवाद के बाद एजेंसी के एक कर्मचारी को तीसरे व्यक्ति द्वारा फोन पर जान से मारने और हाथ काटने की धमकी दी गई। फोन करने वाले ने खुद पर पहले से 10 केस दर्ज होने की बात कहते हुए धमकी दी कि “एक और 11वां केस हो जाएगा, कोई फर्क नहीं पड़ता, लेकिन तुझे नहीं छोड़ूंगा।” इस मामले में दोनों पक्षों की ओर से पलवल कैंप थाना में शिकायत दी गई है। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर अश्विनी कुमार ने बताया कि पुलिस दोनों पक्षों से बातचीत कर रही है और मामले की गहराई से जांच कर निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, श्री राम एचपी गैस एजेंसी की संचालिका चेष्ठा गोयल ने स्थिति को बेहद चिंताजनक बताते हुए कहा कि गैस की कमी शुरू होने के बाद से ही एजेंसी पर रोजाना सुबह 4 बजे से लोगों की लंबी कतारें लग जाती हैं। उपभोक्ता जल्दबाजी में गाली-गलौज करते हैं और कई बार पत्थरबाजी तक की घटनाएं सामने आई हैं, जिससे कर्मचारियों में भय का माहौल है।
उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ पुलिसकर्मी और मीडिया कर्मी भी उन्हें परेशान कर रहे हैं। एक थाना प्रभारी पर गंभीर आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि संबंधित अधिकारी बिना कॉपी/ बुकिंग कई- कई सिलेंडर मांगते हैं और मना करने पर उनकी गाड़ी को पेपर चेकिंग के नाम पर रोक लिया गया। कागजात दिखाने के बावजूद उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया और चालान काट दिया गया।
गोयल के अनुसार, बाद में जिला पुलिस अधीक्षक के हस्तक्षेप के बाद गाड़ी को छोड़ा गया, लेकिन इस घटनाक्रम के चलते पूरे दिन की बिक्री प्रभावित हुई और उपभोक्ताओं तक गैस की आपूर्ति नहीं हो सकी।
फिलहाल एजेंसी संचालिका ने पुलिस प्रशासन से सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की है ताकि सुचारू रूप से गैस वितरण किया जा सके। वहीं पुलिस मामले की जांच में जुटी है और जल्द ही सच्चाई सामने आने की बात कही जा रही है।