दुष्कर्म मामले में गवाही न देने के मांगे 35 लाख, 2 गिरफ्तार

8/1/2017 12:38:17 PM

सोनीपत:थाना शहर पुलिस ने दुष्कर्म मामले में गवाही न देने के नाम पर 35 लाख रुपए मांगने वाले आरोपियों को काबू किया है। पुलिस ने महिला व उसके रिश्ते में देवर को काबू कर न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया। आरोपी महिला व उसका देवर दुष्कर्म के आरोपी की मां से नकदी की मांग कर रहे थे। करीब अढ़ाई माह पहले महिला ने सोनीपत निवासी युवक पर दुष्कर्म का आरोप लगाया था। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।

मामले में नया मोड़ तब आया जब दुष्कर्म का केस दर्ज करवाने वाली महिला ने युवक की मां से दुष्कर्म के मामले में युवक के पक्ष में गवाही देने के लिए 35 लाख रुपए की डिमांड की। इस मामले में गांव न्यात निवासी नवीन भी महिला का साथ दे रहा था। महिला ने नवीन को अपना रिश्ते में देवर बताया था। बाद में मामला 10 लाख रुपए तक पहुंच गया था। 

युवक की मां ने इस मामले की शिकायत सिटी थाना में दर्ज करवाई। सिटी थाना पुलिस ने दुष्कर्म की शिकायत दर्ज कराने वाली महिला व उसके देवर के खिलाफ रुपए ऐंठने का मामला दर्ज किया। ए.एस.आई. रविंद्र दहिया ने दोनों आरोपियों को काबू कर लिया है।