पानीपत में गली में खेलते-खेलते ढाई साल का मासूम हुआ दर्दनाक हादसे का शिकार, हंसते खेलते परिवार में पसर गया मातम

punjabkesari.in Sunday, Oct 25, 2026 - 04:23 PM (IST)

पानीपत (सचिन शर्मा) : शहर के कुलदीप नगर में एक दर्दनाक हादसे में ढाई साल के मासूम ऋतिक की जान चली गई। बच्चा अपने परिजनों के साथ रिश्तेदार के घर पूजा में शामिल होने आया था। इसी दौरान घर के बाहर गली में खेल रहे ऋतिक को एक कार ने कुचल दिया। परिजनों के अनुसार, कार चालक हादसे के बाद भी फोन पर बात करता हुआ आगे निकल गया। इसके बाद परिजनों ने पीछा कर कार को पकड़ लिया और चालक को पुलिस के हवाले कर दिया।

जानकारी के अनुसार, परिवार पानीपत के गढ़ शरणाई का रहने वाला है। रविवार को परिवार कुलदीप नगर में अपने रिश्तेदार के घर पूजा में शामिल होने आया था। इसी दौरान ढाई साल का ऋतिक घर के बाहर गली में खेल रहा था। आरोप है कि तभी एक उद्योगपति कार में सवार होकर गली से गुजर रहा था और फोन पर बात कर रहा था। इसी दौरान बच्चा कार की चपेट में आ गया।

हादसे के बाद परिजन आनन-फानन में बच्चे को लेकर अस्पताल पहुंचे। उसकी गंभीर हालत को देखते हुए परिजन उसे एक के बाद एक चार अस्पतालों में लेकर गए, लेकिन तब तक मासूम की मौत हो चुकी थी। बच्चे की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है।

परिजनों ने पीछा कर चालक को पकड़ा

परिजनों का आरोप है कि हादसे के बाद कार चालक रुकने के बजाय फोन पर बात करता हुआ आगे निकल गया। इसके बाद परिजनों ने दौड़कर कार को पकड़ लिया और चालक को पुलिस के हवाले कर दिया।

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलने पर पुराना औद्योगिक थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बच्चे के शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की। पुलिस मामले की जांच कर रही है। हादसे के कारणों और चालक की भूमिका को लेकर पुलिस जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman

Related News

static