रक्षाबंधन पर पसरा मातम: तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर ने छीनी दो भाइयों की जिंदगी, दोनों बहनें वेंटिलेटर पर

punjabkesari.in Saturday, Aug 29, 2026 - 06:29 PM (IST)

फरीदाबाद(अनिल राठी): रक्षाबंधन के त्योहार पर बहन से राखी बंधवाने आए दो सगे भाइयों के लिए यह त्योहार आखिरी साबित हुआ। फरीदाबाद के गुड़गांव-पाली रोड पर मांगर चौकी के पास तेज रफ्तार फॉर्च्युनर ने सड़क किनारे खड़े कई लोगों को टक्कर मार दी। हादसे में दो सगे भाइयों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनकी दोनों बहनें गंभीर रूप से घायल हो गईं। दोनों बहनें अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही हैं।

बताया जा रहा है कि दोनों भाई रक्षाबंधन के मौके पर अपनी बहनों से राखी बंधवाने के लिए आए थे। राखी बंधवाने के बाद परिवार के साथ खुशियां मनाकर दोनों भाई वापस लौटने की तैयारी में थे। इसी दौरान तेज रफ्तार फॉर्च्युनर ने कई लोगों को अपनी चपेट में ले लिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, फॉर्च्युनर की रफ्तार बेहद तेज थी। चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और सड़क किनारे मौजूद लोगों को टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आनन-फानन में घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन दोनों भाइयों को बचाया नहीं जा सका।

सबसे दर्दनाक बात यह है कि जिन बहनों ने कुछ देर पहले अपने भाइयों की कलाई पर राखी बांधी थी, वही दोनों बहनें अब अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही हैं। रक्षाबंधन पर भाई की लंबी उम्र की कामना करने वाली बहनों ने कुछ ही देर बाद अपने भाइयों को हमेशा के लिए खो दिया।

दो सगे भाइयों की एक साथ मौत और दोनों बहनों के गंभीर रूप से घायल होने की खबर से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। जिस घर में रक्षाबंधन की खुशियां थीं, वहां अब मातम पसरा है।

फिलहाल पुलिस ने फॉर्च्युनर चालक की पहचान कर ली है। जांच अधिकारी देवेंद्र के मुताबिक, आरोपी चालक के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है और उसे जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

यह हादसा एक बार फिर सड़क पर बेलगाम रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के गंभीर खतरे को सामने लाता है। रक्षाबंधन के दिन एक ही परिवार के दो भाइयों की मौत और दोनों बहनों के जिंदगी और मौत से जूझने की यह घटना हर किसी को झकझोर देने वाली है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

static